
Mock Drills: चीन, जापान और ब्रिटेन में कोरोना वायरस के केस लगातार बढ़ रहे हैं। वायरस के बढ़ते मामलों ने सभी को चिंता में डाल दिया है। इधर भारत सरकार भी सतर्क हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया लगातार बैठक कर रहे हैं। वहीं कोविड-19 से संबंधित स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी परखने के लिए मंगलवार को देशभर के अस्पतालों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्र सरकार ने बीते दिनों इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दिए निर्देश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पतालों को तैयार स्थिति में रखने का निर्देश दिया है। यह मॉक ड्रिल सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, आइसोलेशन बेड, ऑक्सीजन, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर, डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिक्स, आयुष डॉक्टरों और फ्रंटलाइन वर्करों की उपलब्धता जैसे मापदंडों पर रहेगी।
मॉक ड्रिल से परखी जाएगी तैयारी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिए थे। जिसमें किसी भी इमरजेंसी में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा था। यह मॉक ड्रिल कोविड-19 प्रबंधन पर प्रशिक्षित स्वास्थ्य पेशेवरों, स्वास्थ्य कर्मियों, एंबुलेंस, परीक्षण उपकरण आदि की उपलब्धता के मामले में मानव संसाधन क्षमता पर भी केंद्रित रहेगी।
196 नए केस मिले
पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोविड संक्रमण के 196 नए मामले मिले। सक्रिय मामले बढ़कर अब 3,428 हो गए हैं। - दैनिक पाजिटिविटी दर 0.56 प्रतिशत दर्ज की गई जबकि साप्ताहिक पाजिटिविटी दर 0.16 प्रतिशत रही।- पिछले 24 घंटों में 35,173 कोविड टेस्ट किए गए, संक्रमण से केरल में दो मौतें हुईं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि टीकाकरण अभियान के तहत अब 220.05 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं।