Cyclone Vs Tsunami । अरब सागर में उठा बिपरजॉय चक्रवाती तूफान एक बड़ा संकट लेकर आ रहा है। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण कच्छ सहित गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। हर साल भारत सहित दुनिया भर के तटीय देशों सैकड़ों चक्रवाती तूफानों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा सुनामी का भी खतरा बना रहता है। समुद्र किनारे रहने वाली लाखों की संख्या में लोग चक्रवात और सुनामी के प्रकोप से प्रभावित होते हैं। यहां जानें चक्रवात और सुनामी में क्या अंतर होता है -
चक्रवाती तूफान व सुनामी में क्या अंतर
चक्रवाती तूफान
Cyclone और Tsunami दो अलग-अलग प्रकार की प्राकृतिक आपदाएं हैं। चक्रवात एक ऐसी मौसमी घटना है, जो पानी के ऊपर होती है और एक कम दबाव वाले केंद्र के चारों ओर घूमने वाली हवाओं की विशेष स्थिति होती है। चक्रवात उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय महासागरों पर बन सकते हैं। इस दौरान भारी बारिश, तेज हवाएं और तूफानी लहरें पैदा होती है, जो तटीय क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। चक्रवात का पूर्वानुमान पहले से लगाया जा सकता है और इस कारण से अब इनमें जनहानि कम होती है।
सुनामी होती है ज्यादा खतरनाक
सुनामी समुद्र की लहरों की एक श्रृंखला है, जो समुद्र के अंदर भूगर्भीय गतिविधियों जैसे भूकंप आदि के कारण पैदा होती है। सुनामी बहुत कम आती है, लेकिन जब सुनामी आती है तो यह महाविनाश लेकर आती है। चक्रवात की तुलना में सुनामी आने पर काफी ऊंची समुद्री लहरें पैदा होती है, जो 100 फीट की ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं।
दुनिया में चक्रवाती की चुनौतियां
- हर साल दुनिया की 40 फीसदी आबादी चक्रवाती तूफानों से प्रभावित होती है।
- चक्रवात के कारण हर साल करीब 25 लाख लोगों का ठिकाना तबाह होता है।
-केंद्रीय पृथ्वी मंत्रालय के मुताबिक साल 1970 से 2019 के बीच भारत का 117 चक्रवात से सामना हुआ है और 40 हजार लोगों की मौत हुई है।
- मई 2021 में यास तूफान से पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में की 800 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ।
- साल 2000 से 2009 की तुलना में 2010 से 2019 के बीच चक्रवात से होने वाली मौतों 88 फीसदी तक घटी हैं।
- बीते 50 वर्षों में दुनिया ने करीब 1942 चक्रवात आए, जिनसे अब तक 7,79,324 लोगों की मौत हुई।
- महासागरों में हर 85 चक्रवात बनते हैं, जिनमें से 45 काफी खतरनाक रूप ले पाते हैं।