Cyrus Mistry Profile: टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का रोड एक्सीडेंट में देहांत हो गया। पालघर में कासा के पास मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर यह दुर्घटना हुई। प्राप्त जानकारी मिस्त्री की कार डिवाइडर से टकरा गई थी। गाड़ी में चार लोग सवार थे। इस हादसे में साइरस समेत दो लोगों की मौत हो गई। बता दें बिजनेस जगत में साइरस मिस्त्री बड़ा नाम है। वह खरबपति पलोनजी शापूरजी मिस्त्री के सबसे छोटे बेटे हैं। साइरस का जन्म 4 जुलाई 1968 को मुंबई में हुआ था। 1992 में साइरस ने रोहिका छागला से शादी की।
मुंबई में हुई पढ़ाई
साइरस मिस्त्री ने मुंबई में स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की। बाद में सिविल इंजीनियरिंग के लिए लंदन चले गए। उन्होंने लंदन बिजनेस स्कूल से प्रबंधन में मास्टर्स किया। उनके पास आयरिश नागरिकता है। साइरस ने अपने परिवार के बिजनेस पलोनजी शापूरजी ग्रुप में 1991 में काम करना शुरू किया। साल 1994 में निदेशक नियुक्त हुए। अपने पिता की तरह उन्होंने भारत में कई रिकॉर्ड बनाए। इनमें सबसे ऊंचे रिहायशी टॉवर का निर्माण, लंबे रेल पुल और सबसे बड़े बंदरगाह का निर्माण शामिल है। मिस्त्री ग्रुप का व्यापार कपड़ें, रियल एस्टेट, हॉस्पिटेलिटी और बिजनेस ऑटोमेशन है।
कारोबार को नई ऊंचाइयों तक लेकर गए
साइरस मिस्त्री ने शापूरजी पालोनजी एंड कंपनी को कंस्ट्रक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट के मामले में दुनिया भर में स्थापित किया। उनके निर्देशन में कंपनी ने मध्य पूर्व और अफ्रीका में विकास किया। ग्रुप का बिजनेस 50 देशों तक फैला है। साइरस कंस्ट्रक्शन फेडरेशन ऑफ इंडिया के संस्थापक सदस्य थे।
टाटा समूह के रहे चेयरमैन
पलोनजी मिस्त्री 2006 में टाटा समूह के बोर्ड से रिटायर हुए थे। 38 वर्षीय साइरस ने उनकी जगह ली। पलोनजी टाटा ग्रुप के सबसे बड़े शेयरहोल्डर थे। नवंबर 2011 में साइरस को टाटा समूह का उपाध्यन नियुक्त किया गया। रतन टाटा के रिटायरमेंट के बाद 28 दिसंबर 2012 को टाटा समूह का चेयरमैन बनाया गया।
कोर्ट केस हारे थे मिस्त्री
साइरस मिस्त्री ने छठे चेयरमैन के तौर पर टाटा ग्रुप में कार्यभाल संभाला था। 2016 में उन्हें पद से हटा दिया गया। अचानक हटाए जाने के बाद साइरस ने टाटा संस और रतन टाटा के खिलाफ केस किया। टाटा ग्रुप ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। अदालत ने टाटा के पक्ष में फैसला सुनाया।