
रांची। निस्संतान दंपति के हाथों बच्चों को गोद देने के नाम पर बेचने का एक मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में मां ने ही अपनी दुधमुंही बच्ची को महज 14 हजार रुपये में बेच दिया और इस सौदे को कानूनी रूप देने के लिए 20 रुपये के स्टांप पेपर पर पूरी लिखापढ़ी भी की गई।
मामले में लोहरदगा की कंचन व रांची के किशोरगंज की नीतू गुप्ता नामक महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिन्हें महिला थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है। बच्ची को खोज लिया गया है। सिटी एसपी डॉ. जया राय ने बताया कि लालपुर की रहने वाली गायत्री देवी नामक एक महिला (बच्ची की मां) ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बच्ची का सौदा हो गया है।
जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि उसने ही 14 हजार रुपये लेकर बच्ची को दिया है। तीन दिन पूर्व सौदा हुआ था, जिसमें लोहरदगा की कंचन देवी को बच्चा देना था और यह सौदा शहर के एक प्रतिष्ठित अस्पताल की आशु नामक महिला कर्मी ने तय करवाया था।