
नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का जवाहरलाल नेहरु यूनिवर्सिटी (जेएनयू) कैंपस में हुए विवाद में छात्रों के समर्थन में आना पाक सेना को काफी रास आ रहा है। पाकिस्तान आर्मी के प्रवक्ता आसिफ गफूर ने बॉलीवुड अदाकारा की इस काम के लिए तारीफ की हालांकि, उन्होंने जल्द ही ट्वीट डिलीट कर दिया। गफूर के ट्वीट में दीपिका के नाम की स्पेलिंग भी गलत लिखी हुई थी, जिसको लेकर उनको यूजर्स ने ट्रोल भी किया।
आर्मी प्रवक्ता गफूर ने दीपिका की 'युवाओं और सच के साथ खड़े होने' के लिए तारीफ की थी। गफूर ने लिखा था, आपको सम्मान हासिल करने के लिए मुश्किल हालात में भी खुद को बहादुर साबित करना पड़ता है। मानवता सबसे ऊपर है। गफूर के ट्वीट डिलीट करने को लेकर पाकिस्तान की ही पत्रकार नायला इनायत ने कटाक्ष किया और कहा कि शाबाश दीपिका, अब मुझे ट्वीट डिलीट करने दो और सरेंडर कर लेने दो। नायला ने गफूर के ट्वीट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया।
गौरतलब है जवाहरलाल नेहरु यूनिवर्सिटी में रविवार को हुई हिंसक घटना के विरोध में छात्रों की तरफ से आयोजित सभा में मंगलवार देर शाम बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण शिरकत करने पहुंचीं थी। दीपिका पादुकोण ने जेएनयू में छात्रसंघ की अध्यक्ष आइशी घोष से भी मुलाकात की थी। दीपिका के साथ पहुंचे सीपीआई नेता डी. राजा, जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने इस मौके पर छात्रों को संबोधित किया था।
जेएनयू के छात्र पिछले कुछ दिनों से फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। रविवार को हुई हिंसक झड़प में कई छात्र घायल हुए थे।