
नई दिल्ली। भाजपा नेता नितिन गडकरी द्वारा दर्ज कराए गए आपराधिक मानहानि की शिकायत के सिलसिले में आप संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को पटियाला कोर्ट में उपस्थित हो सकते हैं।
केजरीवाल के साथ-साथ आज मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे नितिन गडकरी के भी कोर्ट में उपस्थित होने की संभावना है।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गोमती मनोचा ने रिहाई के लिए जमानती मुचलका भरने से इनकार करने पर केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 23 मई को बढ़ा दी थी और मामले में सुनवाई की नई तारीख 6 जून तय की थी।
इससे पहले हाई कोर्ट की सलाह पर केजरीवाल ने 27 मई को निचली अदालत में व्यक्तिगत मुचलका भरकर जमानत हासिल कर ली थी।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व केजरीवाल ने भ्रष्ट लोगों की सूची जारी करते हुए उसमें गडकरी का भी नाम शामिल किया था। इसी को लेकर गडकरी ने पटियाला हाउस कोर्ट में केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था।