
गोवा। केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को पणजी में 'नविका सागर परिक्रमा' अभियान को हरी झंडी दिखाई। स्वदेश निर्मित पोत आईएनएसवी तारिणी के जरिये विश्व की परिक्रमा करने वाले इस महत्वपूर्ण अभियान का प्रबंधन भारतीय नौसेना के जिन 6 क्रू-सदस्यों के हाथ में है, उसमें सभी महिलाएं शामिल हैं।
महिला क्रू-सदस्य भारत में निर्मित आईएनएसवी तारिणी पर सवार होकर पृथ्वी की परिक्रमा करेंगी। नौसेना के एक प्रवक्ता के अनुसार, अगले साल मार्च के आसपास यह परिक्रमा पूरी होगी। इस दौरान पोत कई महासागरों से होकर गुजरेगा। यह भी बताया कि पूरी दूरी पांच चरणों में तय की जाएगी और क्रू-सदस्यों को राशन भरवाने व मरम्मत के कार्यों के लिए चार बंदरगाहों पर रुकना होगा, जो आॅस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फॉकलैंड और दक्षिण अफ्रीका में होंगे।
अभियान का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस विश्व परिक्रमा की शुरुआत गोवा से होगी और ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड व फाकलैंड होते हुए गोवा वापस लौटेगी। उन्होंने कहा, यह अभियान ऐतिहासिक है, क्योंकि पोत पर नेतृत्व से लेकर चालक दल के सदस्य तक सभी महिलाएं हैं। वर्तिका ने कहा कि यह मिशन क्रांतिकारी है और अन्य महिलाएं भी इससे प्रेरित होंगी।
गौरतलब है कि विश्व परिक्रमा पर निकलने वाले इस दल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सराहना कर चुके हैं।