_m.webp)
डिजिटल डेस्क। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक अनियंत्रित कार दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर 2 का बैरियर और लोहे का दरवाजा तोड़ते हुए सीधे परिसर के भीतर जा घुसी। इस अप्रत्याशित घटना के बाद विधानसभा की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने गेट नंबर 2 पर लगे सुरक्षा घेरे को ध्वस्त कर दिया। सुरक्षाकर्मियों के कुछ समझ पाने से पहले ही कार ड्राइवर तेजी से विधानसभा के स्पीकर और नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता के ऑफिस की ओर बढ़ा। हैरान करने वाली बात यह रही कि ड्राइवर ने पोर्च के पास जाकर फूलों का एक गुलदस्ता रखा और फिर वहां से भागने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स (FSL) मौके पर पहुंच गए। पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और सीसीटीवी फुटेज के जरिए कार के मूवमेंट को ट्रैक किया गया। ताज़ा अपडेट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि इस घटना के पीछे उसका क्या उद्देश्य था और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है।
दिल्ली विधानसभा जैसी संवेदनशील जगह पर एक बाहरी वाहन का बैरियर तोड़कर पोर्च तक पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। अधिकारियों ने इसे 'पोटेंशियल सिक्योरिटी ब्रीच' (संभावित सुरक्षा उल्लंघन) करार दिया है। फोरेंसिक टीम कार के भीतर से साक्ष्य जुटाने में लगी है ताकि किसी भी तरह के संदिग्ध सामान की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।