
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिह को ढूंढने के लिए पंजाब पुलिस आपरेशन चला रही है। इसके लिए पंजाब पुलिस कई राज्यों की पुलिस की भी मदद ले रही है। इसी बीच दिल्ली पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की एक फुटेज मिली है, जिसमें अमृतपाल और उसके करीबी पपलप्रीत को साफ देखा जा सकता है। वीडियो में अमृतपाल ने मास्क लगा रखा है और डेनिम जैकेट पहनी हुई है। यह वीडियो गत 21 मार्च का मधु विहार इलाके के रमेश पार्क का बताया जा रहा है। सड़क पर लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरे में दोनों की तस्वीरें कैद हो गईं थी।
अमृतपाल ने काला चश्मा पहन रखा है। उसने पगड़ी नहीं पहनी थी। सूत्रों के मुताबिक, अमृतपाल का करीबी पपलप्रीत सिह भी उसके साथ था। पपलप्रीत सिह के कंधे पर एक बैग था। सूत्रों की मानें तो सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम भी मौके का मुआयना करने रमेश पार्क गई थी। सूत्रों ने बताया कि अमृतपाल अपने साथी पपलप्रीत सिह के साथ रमेश पार्क इलाके में रहने वाले एक परिचित के यहां रात भर ठहरा था और सुबह चला गया। दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस से इस संबंध में इनपुट साझा किया था।
पंजाब पुलिस अमृतपाल को पकड़ने के लिए बीते 18 मार्च से आपरेशन चला रही है। पुलिस को इनपुट मिला था कि अमृतपाल दिल्ली और यूपी के रास्ते नेपाल भाग सकता है। इसके बाद ही भारतीय दूतावास ने नेपाली अधिकारियों को पंजाबी भगोड़े की तस्वीर और उसके बारे में सभी विवरण प्रदान किए हैं।
दूतावास ने नेपाली अधिकारियों को यह भी बताया है कि अमृतपाल विदेश भागने के दौरान अपना असली पासपोर्ट या फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर सकता। बता दें कि कुछ दिनों पहले दिल्ली पुलिस ने सर्च आपरेशन चलाया था। दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया था कि अमृतपाल दिल्ली में कहीं छिपा बैठा है। इसके बाद बिना देर किए पुलिस ने अभियान चलाया, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा।