
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुरुग्राम में 2 जनवरी को मॉडल और गैंगस्टर संदी गाडोली की गर्लफ्रेंड दिव्या पाहुजा की हत्या हो गई थी। इस मामले में दिव्या का शव मिलने के बाद नया खुलासा हुआ है। दरअसल, शव का रविवार को अग्रोहा मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम हुआ था। उसमें खुलासा हुआ कि दिव्या के माथे में गोली मारकर हत्या की गई थी। उसके सिर से गोली निकाली गई है।
शनिवार सुबह दिव्या का शव फतेहाबाद के टोहाना में कुदनी हेड से पुलिस ने बरामद किया था। बलराज व रवि बांगा ने उसकी हत्या कर शव को भाखड़ा नहर में फेंक दिया था। दिव्या के शव को बरामद करने के बाद अग्रोहा मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम हुआ।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि दिव्या की मौत गोली लगने से हुई है। उसको गोली माथे पर बिल्कुल सटाकर मारी गई थी। उसके तुरंत बाद ही उसकी मौके पर मौत हो गई थी। डॉक्टरों ने उसे विसरा को सुरक्षित रख लिया है, जिससे उसकी आगे की भी जांच की जा सके। दिव्या के शव को उसकी बहन नैना पाहूजा को दे दिया है। देर रात गुरुग्राम में उसका अंतिम संस्कार हो सकेगा।
बहन के शव को देख नैना अपने आप पर काबू नहीं कर रही। वह कुछ देर तक शव को देखती रही, फिर जोर-जोर से चिल्लाकर रोने लगी। शव 11 दिन तक पानी में पड़ा रहा था, जिस वजह से वह बुरी तरह से फूल चुका था। शव बिल्कुल प्लास्टिक की तरह से लग रहा था। ऐसे में दिव्या की इस हालत को देखकर बहन नैना के आंखों से आंसू निकलने लगे।