
नई दिल्ली। हिंदू विवाद पर संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान का बचाव करते हुए भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने एक विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने भारतीयों को हिंदू या हिंदुओं का वंशज करार देते हुए कहा कि इसे साबित करने के लिए वे केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला का डीएनए टेस्ट कराएंगे।एक चैनल से बातचीत के दौरान स्वामी ने मोहन भागवत के उस बयान को सही ठहराया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सभी भारतीयों की सांस्कृतिक पहचान हिंदुत्व है।
स्वामी ने भागवत के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भारत में सभी लोग या तो हिंदू हैं, या फिर हिंदुओं के वंशज हैं। स्वामी से पूछा गया कि क्या उनके बयान से मोदी कैबिनेट की मंत्री नजमा हेपतुल्ला इत्तेफाक रखती हैं तो उन्होंने कहा कि इसे साबित करने के लिए वह नजमा हेपतुल्ला का डीएनए टेस्ट कराएंगे।स्वामी ने कहा, "सभी भारतीय हिंदू, मुसलमान, ब्राह्मण और अनुसूचित जाति का डीएनए एक ही है। यह बात एक प्रतिष्ठित पत्रिका में कही गई है। इसका मतलब है कि या तो हम हिंदू हैं या फिर हिंदुओं के वंशज हैं।"
यह है मामला
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को कहा था कि अगर इंग्लैंड में रहने वाले अंग्रेज हैं, जर्मनी में रहने वाले जर्मन हैं और अमेरिका में रहने वाले अमेरिकी हैं तो फिर हिन्दुस्तान में रहने वाले सभी लोग हिंदू क्यों नहीं हो सकते? उनके इस बयान की तीखी आलोचना हुई थी। अब भाजपा उनके इस बयान का बचाव करती नजर आ रही है।