
Earthquake in Delhi-NCR: दिल्ली एनसीआर में आज फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। ये झटके बुधवार शाम सवा पांच बजे लगे। हालांकि इनकी तीव्रता 2.7 रही। फिलहाल इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। बीती रात भूकंप के तेज झटकों से उत्तर भारत दहल गया था। अफगानिस्तान में हिंदू कुश क्षेत्र में 6.6 तीव्रता के भूकंप के कारण मंगलवार रात दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में जोरदार झटके लगे। रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर जब भूकंप आया तो दहशत में लोग इमारतों से बाहर निकल आए और हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी इसके झटके महसूस किए गए।
पाक व अफगानिस्तान में भूकंप से मृतकों की संख्या 21 हुई
पाकिस्तान और अफागनिस्तान में आए भूकंप से गुरुवार को मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इसमें पाकिस्तान में 11 और अफगानिस्तान में 10 लोगों की जान गई है।मंगलवार रात को आए भूकंप से उत्तर भारत समेत आसपास के देशों में भी इसके झटके महसूस किए थे। छत, दीवार आदि गिरने से बड़ी संख्या में लोग जख्मी भी हुए हैं। ज्यादातर नुकसान अफगानिस्तान की सीमा पर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में देखने को मिली है। वहीं, अफगानिस्तान के आपदा प्रबंधन मंत्रालय के प्रवक्ता सैफुल्लाह राहिमी ने बताया कि देश में 10 लोगों के मरने के साथ ही 60 लोग घायल हुए हैं और पूरे अफगानिस्तान में 800 घर नष्ट हुए हैं। अमेरिकन जियोलाजिकल सर्वे के अनुसार, 6.5 तीव्रता के भूकंप का केंद्र हिदू कुश क्षेत्र में था।