
नई दिल्ली। सीमांत क्षेत्र कुपवाड़ा के टंगडार इलाके में रविवार को सेना के साथ हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए। आतंकियों के कब्जे से हथियार व गोलीबारूद भी बरामद हुए। जानकारी के अनुसार, सुबह सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि टंगडार में दो से तीन आतंकी मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही सेना के जवानों ने क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस बीच, ललकारने पर आतंकियों ने सेना पर फायरिग शुरू कर दी। जवाब में सेना ने भी गोलीबारी शुरू कर दी। दो घंटे तक हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए। मारे गए आतंकियों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए।
हालांकि आतंकियों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। अलबत्ता, सेना ने दावा किया है कि यह वही आतंकी हैं, जिन्होंने दो दिन पहले जिले के करनाह इलाके में सीमा सुरक्षाबलों की एक पिकेट पर हमला कर दो सुरक्षाबलों को घायल कर दिया था।
सेना के अनुसार, ये आतंकी कुछ दिन पहले ही सीमा पार से घुसपैठ कर आए थे। सैन्य अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।
अंदरुठ में संदिग्धों की तलाश जारी
सीमा से सटे गांव अंदरुठ में दूसरे दिन भी सेना और पुलिस का तलाशी अभियान जारी रहा। क्षेत्रवासियों ने तीन से चार संदिग्ध लोगों के देखने की सूचना सेना व पुलिस को दी थी, जिसके बाद तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। दूसरे दिन भी सेना व पुलिस ने पूरे गांव में तलाशी अभियान जारी रखा है। इस दौरान सेना को कुछ अहम सबूत मिले हैं, जिससे यह बात साफ हो गई कि क्षेत्र में कुछ आतंकी मौजूद हैं।
सेना को पाक में बने बिस्कुट के खाली कागज मिले हैं, जिस पर पाकिस्तान का नाम लिखा है। इसके अलावा कुछ दवाइयां भी मिली हैं। इसके बाद सेना ने सुरक्षा घेरा और कड़ा करके तलाशी अभियान तेज कर दिया है। सूत्रों की मानें तो क्षेत्र में तीन से चार आतंकी मौजूद हैं, जो किसी गुप्त ठिकाने पर छिप कर बैठे हैं। सेना पिछले दो दिनों से तलाशी अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।