
गिरिडीह। भगवान राम की पूजा-अर्चना करने अयोध्या गए झारखंड के गिरिडीह जिले के एक व्यक्ति की किसी ने सर्जरी के जरिये दोनों आंखें निकाल ली। घटना से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। वह स्पष्ट रूप से कुछ बता पाने में असमर्थ हो गया है। मामला जिले के बिरनी प्रखंड के झांझ गांव का है।
झांझ गांव निवासी कृष्णदेव वर्मा पिछले 20 साल से भगवान राम की पूजा करने अयोध्या जाते थे। गत 24 दिसंबर को भी वह अयोध्या गए थे। 29 दिसंबर को शाम करीब छह बजे उन्होंने घर फोन किया और कहा कि संध्या-आरती अच्छे तरीके से हुई। उसी रात लगभग एक बजे उनके जीजा चिंतामणि ने दिल्ली से उनके घर फोन किया और उसकी हालत बहुत खराब होने की सूचना दी।
बताया गया कि फैजाबाद के राजगंज पुलिस ने दिल्ली में रह रहे चिंतामणि को मोबाइल पर सूचना दी थी। इसके बाद उसके परिजनों को खबर की गई। सूचना पाकर परिजन फैजाबाद जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उन्हें लावारिस हालत में भर्ती कराया था। उनकी दोनों आंखें गायब थी।
राजगंज थाना पुलिस ने बताया कि कृष्णदेव फैजाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर लावारिस हालत में चीख-पुकार कर रहे थे। चिकित्सा पदाधिकारी का कहना है कि उनकी आंखें सर्जरी कर निकाली गई हैं। परिजनों ने बताया कि वह घर के एक एकमात्र कमाने वाले थे। परिजनों का कहना है कि आंख निकालने वाले गिरोह ने ही ऐसा काम किया होगा।