
फीरोजाबाद। शिकोहाबाद के दिखतौली गांव में कई दिनों से चल रहा बुखार जानलेवा हो गया है। एक किशोर की मौत हो गई और 400 लोग बुखार की चपेट में हैं। सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय माथुर डॉक्टरों की टीम के साथ गांव पहुंचे।
हालात की भयावहता देख चार दर्जन से ज्यादा ग्रामीणों को एंबुलेंस से भेजकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 250 का परीक्षण कर गांव में ही दवा दी गई। दर्जनों लोग निजी अस्पतालों तथा आगरा तक में इलाज करा रहे हैं।
शिकोहाबाद से सिर्फ एक किलोमीटर दूर स्थित गांव दिखतौली में चार दिन से फैला बुखार कई लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है। तीन दिन पूर्व 38 वर्षीय दयाल सिंह की मौत हो गई थी। ग्रामीणों की मानें, तो बुखार से पीड़ित होने के बाद उन्हें खून की उल्टी हुई तथा उन्होंने दम तोड़ दिया।