
मुजफ्फरपुर। नेपाल में 132वें दिन सोमवार को भी मधेशी आंदोलन जारी रहा। जनकपुर स्थित राम चौक पर आंदोलकारी व पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस ने भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए फायरिंग की और आंसू गैस के गोले छोड़े।
इस दौरान पुलिस की पिटाई से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि नेपाली पत्रकार समेत करीब एक दर्जन से अधिक आंदोलकारी घायल हो गए। घटना से नाराज लोगों ने पेट्रोल बम से पुलिस पर हमला कर दिया। एक दर्जन आंदोलनकारी को हिरासत में भी लिया गया है।
एसपी रामदत्त जोशी ने बताया कि पथराव में 14 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसमें पांच की हालत चिंताजनक है। जानकी मंदिर प्रांगण में स्थित पुलिस चौकी पर भी लोगों ने पथराव किया। घायल लोगों में सात की हालत गंभीर है। उधर, मधेशी नेता राजेंद्र महतो के जख्मी होने के विरोध में महोत्तरी जिले में बाजार बंद कराया जा रहा था। इस दौरान पुलिस से झड़प हुई।
इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस पर पथराव कर दिया गया। जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें दर्जनभर लोग चोटिल हो गए। स्कूली छात्रों ने पिपरा से आवर गांव तक दस किमी तक मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया। विराटनगर की घटना के विरोध में मटिहानी बाजार बंद रहा।