
मुंबई। दहेज प्रताड़ना के आरोपों में घिरी राधे मां पर चार किसानों को आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगा है। मुंबई के कांदीवली पुलिस स्टेशन में रविवार को राधे मां और उसके दो साथियों सोनल व बलरण दास के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
पुलिस ने इस मामले में बयान दर्ज करने के लिए राधे मां और उनके सहयोगियों को नोटिस जारी कर दिया है। धर्म रक्षक महामंच के अध्यक्ष रमेश जोशी ने एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने दावा किया राधे मां लोगों को बेवकूफ बनाकर पैसे कमाती हैं।
यह भी पढ़ें : 25 हजार किसानों ने राष्ट्रपति से मांगी आत्महत्या की इजाजत
आरोप है कि राधे मां ने गुजरात के एक किसान परिवार को मूर्ख बनाकर शांति और समृद्धि लाने का भरोसा दिलाकर डेढ़ करोड़ रुपए लिए। किसान परिवार ने अपनी जमीन बेचकर यह रकम जुटाई थी और जब पता चला कि वे ठगे गए हैं, तो पिछले साल चार किसानों ने आत्महत्या कर ली।
चार पन्नों की शिकायत में जोशी ने कहा कि राधे मां भोले-भाले लोगों को उनकी जिंदगी में शांति और संपन्नता लाने का झांसा देकर ठग रही हैं। जोशी ने बताया कि राधे मां के दहेज प्रताड़ना मामले के सामने आने के बाद उन्होंने कच्छ के निगार गांव के लोगों से संपर्क किया।
यह भी पढ़ें : दूसरे लड़के की चाहत में हो गईं 12 लड़कियां
वहां पता चला कि सात किसानों के परिवार में से चार लोगों ने उसकी वजह से आत्महत्या की। इसके बाद पिछले हफ्ते कच्छ गया और जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि मुझे बताया गया कि मार्च 2014 में सात में से चार लोगों ने आत्महत्या कर ली।