
ED charge sheet: यस बैंक के सह-संस्थापक राणा कपूर ने प्रवर्तन निदेशालय के सामने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। ईडी द्वारा दायर चार्जशीट के मुताबिक, राणा कपूर ने दावा किया कि उन्हें कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा से एमएफ हुसैन पेंटिंग खरीदने के लिए मजबूर किया गया था। यह जानकारी मुंबई की एक विशेष अदालत के समक्ष दायर दूसरे पूरक आरोप पत्र से मिली है। इसमें राणा कपूर ने बताया है कि दिवंगत कांग्रेस नेता मुरली देवड़ा (जो उस समय केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री थे) ने 2 करोड़ रुपए में उक्त पेंटिंग खरीदने के लिए कई बार फोन किए। मुरली देवड़ा ने यह भी कहा कि यदि राणा कपूर यह पेंटिंग खरीदते हैं तो उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार मिलने की संभावना है। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि बिक्री से प्राप्त राशि का इस्तेमाल न्यूयॉर्क में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के इलाज के लिए किया गया था।
राणा कपूर से क्यों हो रही पूछताछ
राना कपूर को ईडी ने 30 घंटे की पूछताछ के बाद 8 मार्च 2020 को गिरफ्तार किया था। ईडी ने आरोप लगाया है कि राणा कपूर ने अपनी बेटियों की कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए यस बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में अपने पद का दुरुपयोग किया। एजेंसी के अनुसार, यस बैंक द्वारा 30,000 करोड़ रुपये के ऋण दिए गए थे। इनमें से 20,000 करोड़ एनपीए (गैर-निष्पादित संपत्ति) बन गए।
गांधी परिवार को लेकर क्या कहा राणा कपूर ने
राणा कपूर का हवाला देते हुए आरोप पत्र में कहा गया है, 'मुरली देवड़ा ने मुझे प्रियंका वाड्रा से पेंटिंग खरीदने के लिए कई मोबाइल नंबरों से कई कॉल और मैसेज भी किए थे। वास्तव में, मैं इस सौदे के इच्छुक नहीं था और मैंने कांग्रेस नेता के कॉल्स/मैसेज इग्नोर करने की कोशिश की। आखिरी में मुझे अपनी और अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ यह सौदा करना पड़ा, क्योंकि मैं मुरली देवड़ा के साथ-साथ गांधी परिवार के साथ किसी भी प्रकार की दुश्मनी को आमंत्रित नहीं करना चाहता था।
राणा कपूर ने और क्या कहा...