ओडिशा की पूर्व आईएएस अधिकारी ने थामा भाजपा का दामन
चुनाव के पहले वरिष्ठ नौकरशाहों का भाजपा का दामन थामने का सिलसिला जारी है।
By
Edited By:
Publish Date: Tue, 27 Nov 2018 11:00:56 PM (IST)
Updated Date: Tue, 27 Nov 2018 11:04:36 PM (IST)

नई दिल्ली। चुनाव के पहले वरिष्ठ नौकरशाहों का भाजपा का दामन थामने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को ओडिशा कैडर की पूर्व आइएएस अधिकारी अपराजिता सारंगी पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गईं।
मूल रूप से बिहार के भागलपुर की रहने वाली अपराजिता सारंगी ने हाल ही में स्वैच्छिक सेवानिवृति ले ली थी। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा उन्हें ओडिशा से मैदान में उतार सकती है।
1994 बैच की पूर्व आइएएस अधिकारी अपराजिता सारंगी लंबे समय तक केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रहने के बाद 2013 में वापस ओडिशा आ गई थीं।
केंद्र में ग्रामीण विकास मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर रहते हुए उन्होंने मनरेगा को लागू करने में अहम भूमिका निभाई थी।
भाजपा में शामिल होने के बाद सारंगी ने कहा कि वह राज्य के लोगों के लिए काम करना चाहती हैं। उनके अनुसार, राजनीति एकमात्र ऐसा मंच है, जहां लोगों के लिए काम करने का पूरा मौका मिलता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीतिक मंच से ओडिशा के लोगों के लिए वह और ज्यादा बेहतर तरीके से काम कर सकेंगी। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व आइएएस, आइपीएस और आइएफएस समेत 17 अधिकारियों ने भाजपा का दामन थामा था।
इनमें रायपुर के जिला कलेक्टर रहे ओपी चौधरी भी शामिल हैं। वह अपने पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे।
इसके अलावा 2014 के लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा में शामिल हुए और चुनाव जीतने वाले कई पूर्व अधिकारी केंद्रीय मंत्रीमंडल में शामिल हैं।