
डिजिटल डेस्क, पठानकोट। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के शुरू होने से पहले ही सियासत गरमा गई है। यात्रा में शामिल होने पठानकोट जा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। बिट्टू ने आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं पर हमले का सीधा आरोप लगाया है।
रवनीत बिट्टू का दावा है कि पठानकोट जाते समय लगभग 100 से अधिक आप कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को घेर लिया। हमलावरों ने गाड़ियों पर अंडे फेंके और तोड़फोड़ की, जिससे उनकी जैमर वाली गाड़ी और दो एस्कॉर्ट वाहनों के शीशे टूट गए।
बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि स्थानीय आप विधायक शेरी के इशारे पर इस हमले को अंजाम दिया गया ताकि उन्हें यात्रा में शामिल होने से रोका जा सके। उनकी सुरक्षा टीम ने मौके से तीन हमलावरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। जेड-प्लस सुरक्षा प्राप्त नेता ने कहा कि अगर उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए पंजाब के मुख्यमंत्री और राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) सीधे जिम्मेदार होंगे। उन्होंने मामले की तत्काल जांच की मांग की है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पठानकोट से इस यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। यह यात्रा राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों से गुजरते हुए 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसका समापन 30 सितंबर को जालंधर में होगा, जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि पंजाब में सत्ता में आई पार्टियों ने नशे के कारोबार को राजनीतिक संरक्षण देकर कमाई का जरिया बना लिया है। बीजेपी अब नशे से प्रभावित परिवारों को साथ लेकर इसके खिलाफ जनांदोलन चला रही है।