
मैनपुरी। नौ के आगे गिनती नहीं कर पाने वाले और गणित के सवालों का जवाब नहीं दे पाने वाले व्यक्ित से शादी करने से इंकार करने वाली मैनपुरी जिले की लड़की ने हाईस्कूल पास किसान से शादी की।
मैनपुरी जिले के गुलियारपुर गांव की खुशबू सक्सेना ने 'अनपढ़' और 'मानसिक रूप से अस्वस्थ' लोगों से शादी करने से इंकार करके एक उदाहरण पेश किया है। परिजनों के अनुसार, खुशबू आठवीं तक पढ़ी है और वह एक शिक्षिका बनना चाहती थी।
शुक्रवार रात को खुशबू ने हाई स्कूल पास 21 वर्षीय लड़के अमित से शादी की। वह औरैया जिले के डिबियापुर केजरी गांव का किसान है। पूरा गांव शादी समारोह में शामिल होने के लिए जमा हुआ और इस सेरेमनी को धूमधाम से मनाया।
यह भी पढ़ें : दूल्हन को हुआ दूल्हे की शैक्षणिक योग्यता पर शक, लौटाई बारात
गौरतलब है कि इससे पहले खुशबू के पिता श्रीकृष्ण बाबू सक्सेना ने उसकी शादी औरैया जिले के सरैया गांव के रहने वाले ओमवीर से तय कर दी थी। शादी के दौरान खुशबू को शक हुआ कि ओमवीर पढ़ा-लिखा नहीं है क्योंकि वह मंत्रों का उच्चारण सही से नहीं कर पा रहा था।
इसके बाद खुशबू ने ओमवीर से गणित के कुछ सवाल पूछने का फैसला किया और जब उसका शक सही साबित हो गया, तो खुशबू ने अनपढ़ आदमी से शादी करने से इंकार कर दिया।