
डिजिटल डेस्क, भोपाल। दिवाली-छठ पर घर जाने के लिए अभी भी लोग कंफर्म टिकट की तलाश में हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे (Indian Railways Special Train) ने बड़ी राहत दी है। महाराष्ट्र से बिहार जाने वालों के लिए पुणे से दानापुर के बीच नई स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया गया है।
ट्रेन नंबर 01441/01442 पुणे-दानापुर स्पेशल 1 नवंबर से शुरू होगी और यह MP के यात्रियों के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होगी। खास बात यह है कि यह ट्रेन सप्ताह में 5 दिन चलाई जाएगी और महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार पहुंचेगी।
हर साल त्योहारों के सीजन में पुणे, मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से उत्तर प्रदेश तथा बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ती है और कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यह स्पेशल ट्रेन लोगों को बड़ी राहत देगी।
ट्रेन नंबर 01441/01442 पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 19 स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें MP के 7 स्टेशन शामिल हैं इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना। इसके अलावा यह ट्रेन हडपसर, दौंड कॉर्ड लाइन, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर और आरा स्टेशन पर भी रुकेगी।
01441 पुणे-दानापुर स्पेशल ट्रेन 1 नवंबर से 13 नवंबर के बीच रविवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को चलेगी। यह पुणे से शाम 19.40 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 7.00 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में 01442 दानापुर-हडपसर स्पेशल ट्रेन 3 नवंबर से 15 नवंबर के बीच मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को चलेगी। यह दानापुर से सुबह 8.30 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन शाम 17.35 बजे हडपसर पहुंचेगी। रेलवे ने इसकी विस्तृत जानकारी NTES और IRCTC पोर्टल पर उपलब्ध करा दी है।