
नई दिल्ली। 23 फरवरी से संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है। देश के लिए काफी महत्वपूर्ण इस सत्र में कार्यवाही सुचारू रूप से चल पाए, इसके लिए संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। बैठक में वैकेंया नायडू ने कहा कि सरकार जेएनयू और जाट आरक्षण के अलावा सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है।
उन्होंने बैठक में आए नेताओं से कहा कि बजट सत्र महत्वपूर्ण होगा और विपक्ष सकारात्मकता के साथ इसे चलाने में सहयोग दे। हम जेएनयू पर विस्तृत बहस चाहते हैं ताकि देश को पता चले की वहां क्या हुआ था। हम इसके अलावा जाट आरक्षण और रोहित वेमुला मामले पर भी बहस के लिए तैयार हैं।
बजट सत्र में पेश किए जाने वाले बिलों को लेकर उन्होंने कहा कि इस सत्र में व्यापार से जुड़े कुल 32 आयटम होंगे जिसमें जीएसटी भी शामिल है। जीएसटी और रियल स्टेट जैसे दो महत्वपूर्ण बिल हैं जो हमें पास कराने हैं।
सुमित्रा महाजन भी करेंगी बैठक
आगामी बजट सत्र में जेएनयू और असहिष्णुता जैसे कई मुद्दों को लेकर विपक्ष के हंगामे की आशंका के बीच लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने शाम को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस मीटिंग के जरिये बजट सत्र के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रखने की अपील की जाएगी। ये बैठक शाम 6 बजे होगी।
संसद में तैनात आतंकवाद निरोधक वाहन
360 डिग्री घूम जाने वाला आतंकवाद निरोधक वाहन (एटीवी) को सुरक्षा कारणों से संसद परिसर में तैनात किया गया है। ताकि भविष्य में संसद पर किसी और हमले को होने से रोका जा सके। अधिकारियों ने बताया कि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) से मंजूरी प्राप्त इस विशेष एंटी बैलिस्टिक वाहन में दो कमांडो के बैठने की जगह है। दिल्ली में इस वाहन के आतंकी हमले या आत्मघाती हमलों में कारगर होने का परीक्षण चल रहा है। 4.5 टन मिलेट्री वाहन के टैंक जैसे टायर हैं। इस वाहन पर किसी रायफल और ग्रेनेड के हमले का असर नहीं होता है। इसमें हथियार और गोली बारूद रखने की भी पर्याप्त जगह है।