मल्टीमीडिया डेस्क। वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित वैष्णो देवी-भैरो घाटी रोपवे की सुविधा का उद्घाटन 24 दिसंबर सोमवार को राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने राजभवन से किया। प्रत्येक यात्री को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सौ रुपए चुकाने होंगे।
बताते चलें कि रविवार दोपहर बाद रोपवे के ट्रायल लिए गए, जिसमें करीब तीन हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने सेवा का निशुल्क लाभ उठाया। रोपवे का ट्रायल आरंभ करने से पहले भवन में विधिवत पूजा-अर्चना की गई थी। इस प्रोजेक्ट को चार साल में 75 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है।
यह है मान्यता
मान्यता है कि भवन में मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद भैरो के दर्शन करने से मां की यात्रा पूर्ण होती है। हालांकि, भवन पहुंचने के बाद यात्री थकावट के कारण भैरो मंदिर के दर्शन नहीं करते हैं। जबकि यह यात्रा मात्र 3.5 किमी की है। मगर, खड़ी चढ़ाई होने की वजह से सभी भक्त वहां नहीं पहुंच पाते थे।
अब रोप-वे सेवा शुरू होने के बाद भैरो जी के दर्शन को जाना आसान हो जाएगा। इस सेवा से तीन घंटे का सफर करीब तीन मिनट में पूरा हो सकेगा। बताते चलें कि पहले इस सेवा का शुभारंभ मंगलवार को होना था, लेकिन बाद में एक दिन पहले ही उद्घाटन करने का निर्णय लिया गया।
#JammuAndKashmir Governor Satya Pal Malik e-inaugurates the Bhairon Ghati Passenger Ropeway that would be operational between Vaishno Devi shrine and Bhairon temple. pic.twitter.com/QDDx40s9KN
— ANI (@ANI) December 24, 2018