
नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा गठित एक आयोग ने मैरिटल रेप को अपराध माने जाने की सिफारिश की है। सरकार द्वारा गठित पाम राजपूत कमेटी ने हाल ही में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। इसमें आयोग ने सिफारिश की है कि पत्नी की उम्र व अपराधी और पीड़ित के संबंधों के हिसाब से मैरिटल रेप को अपराध की श्रेणी में रखा जाना चाहिए।
इस सिफारिश पर अंतर मंत्रालय समूह सोमवार को चर्चा करेगा। इससे पहले महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने मैरिटल रेप को अपराध की श्रेणी की रखे जाने का समर्थन किया था। गांधी ने इसे महिलाओं के खिलाफ अपराध बताते हुए अस्वीकार्य बताया था। उन्होंने कहा था कि मेरा मानना है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध केवल अजनबी द्वारा किए जाने तक की स्थिति में ही सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : छेड़खानी की शिकायत पर जेल गए आरोपियों ने की नृशंस हत्या
हर बार मैरिटल रेप केवल पुरुष की सेक्स की जरूरत से ही संबंधित नहीं होता है, बल्कि यह उसकी ताकत और आधिपत्य से भी जुड़ा होता है। ऐसे मामलों में इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। मेनका गांधी का यह बयान सरकार के मत के बिल्कुल विपरीत था। दरअसल, केंद्रीय मंत्री हरिभाई चौधरी ने अप्रैल में राज्यसभा में कहा था कि मैरिटल रेप का विचार भारतीय समाज के हिसाब से ठीक नहीं है।
यह भी पढ़ें : पति ने नहीं खोला फ़ेसबुक अकाउंट तो पत्नी ने दे दी अपनी जान
यूएन पॉप्युलेशन फंड के मुताबिक, भारत में 15 से 49 साल की उम्र वाली दो तिहाई से अधिक शादीशुदा महिला जबरदस्ती सेक्स की खातिर पुरुषों की हिंसा का शिकार होती हैं। सोमवार को आयोग की रिपोर्ट पर होने वाली चर्चा में इन सभी मसलों पर बहस की जाएगी। इसमें सरकार, नागरिक समाज और महिला कार्यकर्ता के पहलु से मामले को देखा जाएगा।