
डिजिटल डेस्क। गुजरात के भावनगर में काला नाला इलाके के कालूभर रोड स्थित एक कॉम्प्लेक्स में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। कॉम्प्लेक्स में मौजूद पैथोलॉजी लैब से उठी आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की तत्परता से 19 लोगों जिनमें बच्चे, बुजुर्ग और मरीज शामिल थे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, कॉम्प्लेक्स में लगभग 10 से 15 अस्पताल, कई दुकानें और दफ्तर स्थित हैं। सुबह करीब 9 बजे अचानक आग लगने के बाद घना धुआं उठता देख लोगों में हड़कंप मच गया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।
मौके पर मौजूद युवाओं ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया और दमकल टीम के पहुंचने से पहले कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां, एम्बुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने युद्धस्तर पर करीब से आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
भावनगर कलेक्टर मनीष बंसल ने बताया कि घटना में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ है। सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।