Gujarat Election 2022: भाजपा ने रविंद्र जडेजा की पत्नी को जामनगर नॉर्थ से दिया टिकट, जानिए कौन है रिवाबा
Gujarat Election 2022: रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को जामनगर नॉर्थ से मैदान में उतारा गया है। 3 साल पहले बीजेपी में शामिल होने वाली रिवाबा बीते दिनों काफी चर्चाओं में रही हैं। रिवाबा जडेजा राजकोट की रहने वाली हैं।
By Arvind Dubey
Edited By: Arvind Dubey
Publish Date: Thu, 10 Nov 2022 11:05:43 AM (IST)
Updated Date: Thu, 10 Nov 2022 11:14:07 AM (IST)

Gujarat Election 2022: गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को घाटलोदिया से टिकट दिया गया है। वहीं क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को जामनगर नॉर्थ से मैदान में उतारा गया है। 3 साल पहले बीजेपी में शामिल होने वाली रिवाबा बीते दिनों काफी चर्चाओं में रही हैं। बता दें गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में होने वाले है। 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। वर्ष 2017 चुनाव में बीजेपी ने 99 सीटें और कांग्रेस ने 77 सीटें जीती थीं।
कौन हैं रिवाबा जडेजा?
रिवाबा जडेजा राजकोट की रहने वाली हैं। उनके पिता उद्योगपति हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली रिवाबा लंबे समय से सोशल वर्क में सक्रिय रही हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में क्रिकेटर रवींद्र जडेजा से शादी की थी।
करणी सेना में रही हैं सक्रिय
रिवाबा, राजपूत समुदाय के संगठन करणी सेना की नेता रह चुकी हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुई थीं। बता दें रिवाबा जडेजा, कांग्रेस के नेता हरि सिंह सोलंकी की रिश्तेदार हैं। जडेजा परिवार का राजकोट में जड्डूस फूड फील्ड नाम का रेस्टोरेंट भी है।
रवींद्र जडेजा की बहन राजनीति में
रवींद्र जडेजा के पिता अनिरुद्ध सिंह और बहन नैना भी राजनीति में सक्रिय हैं। नैना, जामनगर में महिला कांग्रेस अध्यक्ष है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस नैना को भी विधानसभा चुनाव में टिकट दे सकती है।