Gujarat Election Result 2022: प्रदेश के 37 केन्द्रों पर सुबह 8 बजे से शुरु होगी मतगणना, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
Gujarat Election Result 2022: सभी एक्जिट पोल में बीजेपी को भारी बढ़त मिलती हुई दिखाई गई है। जबकि कांग्रेस पार्टी गुजरात में दूसरे नंबर पर रहने की उम्मीद जताई गई है। लेकिन दिल्ली एमसीडी चुनावों के नतीजों को देखते हुए एग्जिट पोल के आंकड़ों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।
By Shailendra Kumar
Edited By: Shailendra Kumar
Publish Date: Wed, 07 Dec 2022 08:11:11 PM (IST)
Updated Date: Wed, 07 Dec 2022 11:18:26 PM (IST)

Gujarat Election Result 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे गुरुवार यानी 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि गुजरात के 182 विधानसभा सीटों के लिए 37 मतगणना केंद्रों पर सुबह 8 बजे से काउंटिंग होगी। इन सभी जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। गुजरात के 33 जिलों में विधानसभा चुनाव दो फेज में 1 और 5 दिसंबर को हुए थे।गुजरात चुनाव में 89 सीटों पर पहले फेज के चुनावों के लिए वोटिंग 1 दिसंबर को हुआ, जिसमें 788 उम्मीदवार थे। पहले फेज के चुनाव में 63.31 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। वहीं 5 दिसंबर को दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए 93 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। इसमें 61 पार्टियों के 833 उम्मीदवार मैदान में थे और करीब 59.11 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला। इस सबसे भाग्य का फैसला 8 दिसंबर को मतगणना के बाद होगा।
![naidunia_image]()
क्या कहते हैं एग्जिट पोल?
अगर एग्जिट पोल के नतीजों को देखें तो भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर से राज्य में स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाने जा रही है, लेकिन वास्तविक नतीजे कर वोटों की गिनती के बाद ही सामने आएंगे।
- इंडिया टुडे- एक्सिस माय इंडिया के एक्जिट पोल में बीजेपी को 131 से 151, कांग्रेस को 16 से 30 और आम आदमी पार्टी को 09 से 21 सीटें दी है।
- रिपब्लिक पी- मारक्यू के मुताबिक बीजेपी को 128 से 148, कांग्रेस को 30 से 42 और आप पार्टी को 2 से 10 सीटें मिली हैं।
- टाइम्स नाउ ईटीजी के एक्जिट पोल में बीजेपी को अधिकतम 145, कांग्रेस को 34 और आप को 16 सीटें मिली हैं।
- एबीपी सी-वोटर के एक्जिट पोल में बीजेपी को 128 से 140 सीटें, कांग्रेस को 31 से 43 सीटें और आप को 3 से 11 सीटें मिली हैं।इसके अलावा अन्य को 2 से 6 सीटें मिल रही हैं।
- इंडिया न्यूज-जन की बात एग्जिट पोल में बीजेपी को 117 से 140, कांग्रेस को 51 से 34 और आप को 13 सीटें दी गई हैं।
- जी न्यूज बार्क एग्जिट पोल में बीजेपी को 110 से 125, कांग्रेस को 45 से 60 और आप को 01 से 05 सीटें मिली हैं।
- टीवी9 के एग्जिट पोल में बीजेपी को 128, कांग्रेस को 45 और आम आदमी पार्टी को 4 सीटें मिली हैं।
- न्यूज 24 टुडेज चाणक्य ने बीजेपी को 150 सीटों से जिताया है तो कांग्रेस को 19 और आप को 11 सीटें दी हैं।
- इंडिया टीवी के एक्जिट पोल में बीजेपी को 112 से 121, कांग्रेस को 51 से 61 और आप को 4 से 7 दी गई हैं।
![naidunia_image]()
इस तरह लगभग सभी एक्जिट पोल में बीजेपी को भारी बढ़त मिलती हुई दिखाई गई है। जबकि कांग्रेस पार्टी गुजरात में दूसरे नंबर पर रहने की उम्मीद जताई गई है। लेकिन, जिस तरह दिल्ली एमसीडी चुनावों में एग्जिट पोल, सही आंकड़ों से काफी दूर दिखे हैं, उससे अंदाजा लगया जा रहा है कि एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। ऐसे में जिस प्रकार से दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 के एग्जिट पोल के आंकड़े और नतीजे पूरी तरह मेल नहीं खा रहे हैं, वैसे ही हिमाचल और गुजरात विधानसभा 2022 के नतीजों में भी बड़ा उलटफेर हो सकता है।