
ब्यूरो, चंडीगढ़ (Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024)। हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए 3 अक्टूबर आखिरी दिन है। आज शाम चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक साथ 5 अक्टूबर, शनिवार को मतदान होगा।
इसके बाद 8 अक्टूबर, मंगलवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा के साथ हरियाणा के चुनाव परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। हरियाणा में चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में सभी दलों ने ताकत झोंक दी।
इस बीच, पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) राजनीति की पिच पर प्रचार की बल्लेबाजी करते नजर आए। वीरू ने कांग्रेस का साथ देने का फैसला किया। उन्होंने तोशाम विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांगे।

(कांग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध चौधरी)
![]()
(भाजपा प्रत्याशी श्रुति चौधरी)
तोशाम विधानसभा सीट भिवानी जिले में हैं। यहां पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी और पोते अनिरुद्ध चौधरी के बीच मुकाबला है। श्रुति चौधरी भाजपा के टिकट से मैदान में है।
तोशाम में बंसीलाल की विरासत की जंग होने के कारण यह सीट चर्चा का केंद्र बनी हुई है। श्रुति को बंसीलाल की राजनीति का उत्तराधिकारी माना जाता है, चुनाव से पहले अनिरुद्ध खुद को वारिस बताने लगे।
श्रुति को उनकी मां किरण का समर्थन है, जो लगातार चार बार से विधायक रही हैं। किरण अभी राज्यसभा सदस्य हैं।