
नई दिल्ली। नरसंहार के समय मेरी उम्र महज 17 साल थी। ट्रक से नीचे उतारकर खाकीवर्दी पहने एक पुलिसकर्मी ने ताबड़तोड़ दो गोली मारी। एक गोली पेट में दायीं तरफ लगी, जबकि दूसरी बायीं पसली में। मैं दर्द से कराहते हुए भागा।
किसी तरह पुल के नीचे पहुंचा और झाड़ियों में छिप गया। पुलिसकर्मी टार्च जलाकर मुझे ढूंढ रहा था, लेकिन घनी झाड़ी होने के कारण मैं दिखाई नहीं दिया। यह कहते हुए बाबूद्दीन की आंखों से आंसू छलक उठे।
मूलरूप से दरभंगा, बिहार के रहने वाले बाबूद्दीन वर्ष 1987 में 17 साल की उम्र में कमाने के लिए हाशिमपुरा आ गए थे। वहां एक पावर लूम फैक्ट्री में काम करने लगे। वह कहते हैं, 22 मई 1987 के दिन फैक्ट्री में ही बैठा था। अचानक कुछ पुलिसकर्मी आए और तलाशी के बहाने बाहर ले गए। वहां सड़क पर पहले से कई लोग बैठे हुए थे। एक पुलिसकर्मी ने धक्का मारते हुए कहा कि हाथ ऊपर करो नहीं तो यहीं सड़क पर गोली मार दूंगा।
इसके बाद लड़कों व बुजुर्गों को एक ट्रक में बैठाया गया, लेकिन कुछ दूर ले जाकर अचानक ट्रक रोक दिया गया। एक पुलिसकर्मी आया और कहा कि उतरो घर जाओ। मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उस समय रात के आठ बज रहे थे, जैसे ही हम हाशिमपुरा की गली में पहुंचे दोबारा पकड़कर जबरन ट्रक में बैठा दिया गया। गंग नहर पुल पर ट्रक रोक एक शख्स को नीचे उतारकर गोली मार दी गई।
इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने मुझे नीचे उतारकर दो गोली मार दी। मैं किसी तरह सरकते हुए पुल के नीचे झाड़ियों तक पहुंचा। ट्रक जब चला गया तो मैं बाहर आया। सामने से एक पुलिसकर्मी आता दिखाई दिया। उसने तुरंत मुझे पकड़ा और वायरलेस की मदद से अन्य पुलिसकर्मियों को बुलाया। जिसके बाद मुझे लिंक रोड गाजियाबाद ले जाया गया एवं फिर नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद मैं हाशिमपुरा छोड़ दरभंगा स्थित अपने घर चला गया। जब तक उत्तर प्रदेश में केस चला मैं गवाही के लिए जाने से डरता रहा। केस दिल्ली स्थानांतरित होने के बाद गवाही के लिए आया।