
जयपुर/मुंबई। राजस्थान के दौसा में सड़क हादसे में घायल भाजपा सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी को जयपुर के अस्पताल से छुट्टी मिल गई हैं। आज सुबह वे अपनी बेटी ईशा के साथ मुंबई पहुंच गईं।
इससे पहले जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में हेमा मालिनी की प्लास्टिक सर्जरी हुई। उनकी नाक की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया।
इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी हेमा का हाल-चाल जानने अस्पताल पहुंचीं। पुलिस ने गुरुवार रात दर्ज हुए मुकदमे के आधार पर हेमा मालिनी की मर्सिडीज कार के ड्राइवर महेश ठाकुर को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया, लेकिन कुछ घंटे बाद उसे जमानत मिल गई।
इस बीच, हेमा ने हादसे में बच्ची की मौत पर अफसोस जताया है। एक बयान में हेमा ने कहा कि मासूम बच्ची की मौत का उन्हें बेहद दुख है। उन्होंने कहा, 'मैं जानती हूं कि बच्ची को खोने के बाद परिवार किस हालात से गुजर रहा होगा।'
एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'इस दुख की घड़ी में मैं भगवान कृष्ण ने प्रार्थना करती हूं कि परिवार को इस दुख से उबरने की ताकत दे।' साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।