
मुंबई। मुंबई हाई कोर्ट ने दिवंगत ओशो गुरु रजनीश की वसीयत को लेकर दर्ज एफआइआर की धीमी जांच पर बुधवार को पुणे पुलिस को फटकार लगाई। एफआइआर में वसीयत पर रजनीश के जाली हस्ताक्षर करने का आरोप लगाया गया है। हाई कोर्ट मामला सीबीआइ को सौंपने की मांग से संबंधित याचिका पर सुनवाई कर रहा है।
जस्टिस एनएच पाटिल और जस्टिस पीडी नाईक की खंडपीठ को पुलिस ने बताया कि 2014 में वसीयत पर हस्ताक्षर की जांच के लिए उसे हैंडराइटिंग विशेषज्ञ के पास भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है। इस पर जस्टिस पाटिल ने पूछा, दो साल बीत गए, क्या इसके लिए आपने कुछ किया?
इसके बाद कोर्ट ने संबंधित डीसीपी को जांच की निगरानी करने और जांच अधिकारी को 12 अगस्त को अगली सुनवाई पर कोर्ट में मौजूद रहने का आदेश दिया। खुद को आध्यात्मिक गुरु रजनीश का शिष्य बताने वाले योगेश ठक्कर ने जनहित याचिका दाखिल कर ओशो इंटरनेशनल फाउंडेशन के ट्रस्टियों पर वसीयत पर जाली हस्ताक्षर करने का आरोप लगाया है।