
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को बीसीसीआई से भारत और पाकिस्तान के बीच धर्मशाला में 19 मार्च को होने वाले वर्ल्ड टी20 चैंपियनशिप के मैच को रद्द करने या फिर किसी अन्य स्थान पर आयोजित करने के लिए कहा है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस बारे में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को चिट्ठी भी लिखी है। वीरभद्र सिंह ने चिट्ठी में मांग की है कि हिमाचल प्रदेश के बहुत से जवान पाकिस्तान के खिलाफ लड़ रहे हैं और कई देश के लिए शहीद हुए हैं। ऐसा करना सैनिकों की शहादत का अपमान होगा।
वीरभद्र ने कहा कि हम अपने जवानों की शहादत का सम्मान करते हैं, ऐसे में क्रिकेट मैच के पक्षधर नहीं हैं, इसलिए हिमाचल में पाकिस्तान के साथ कोई मैच नहीं खेला जाए। प्रदेश की जनता के साथ-साथ देश का भी ऐसा ही मत है।
इससे पहले धर्मशाला में कई दूसरे संगठनों ने भारत-पाक मैच कराए जाने का विरोध किया था। बताया जा रहा है कि संगठनों का कहना है कि पाकिस्तान के रवैये को देखने के बाद दोनों देशों के बीच किसी भी सूरत में मैच नहीं कराया जाना चाहिए।
इससे पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति की कार्यकारिणी ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के धर्मशाला में भारत-पाकिस्तान मैच कराने के फैसले की आलोचना की।
एचपीसीसी अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखु ने कहा, 'बीसीसीआई को शहीदों के परिवारों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह मैच या तो रद्द कर देना चाहिए या फिर इसका आयोजन किसी अन्य राज्य में करना चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'हमारी पार्टी वर्ल्ड कप के अन्य मैचों के आयोजन के खिलाफ नहीं है, लेकिन केवल पाकिस्तान के खिलाफ मैच के आयोजन का विरोध कर रही है क्योंकि इससे लोगों विशेषकर शहीदों के परिवारों की भावनाएं आहत होंगी।'
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद शांता कुमार और पूर्व भाजपा विधायक राकेश पठानिया भी मैच का विरोध कर चुके हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री को लोगों की भावनाओं से अवगत कराएंगे।