
खटीमा, ऊधमसिंह नगर। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जेएनयू में हिंदुस्तान की बर्बादी का नारा लगाने वालों को किसी भी हाल में माफ नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने तीन साल में देश से पूरी तरह माओवाद को खत्म करने का दावा भी किया।
गृहमंत्री ने यह बातें शनिवार को सरकारी कृषि फार्म में खटीमा महोत्सव के शुभारंभ के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि माओवाद को जड़ से खत्म करने का प्रयास लगातार जारी है। काफी हद तक सफलता भी मिल रही है। पहले 162 जिले इससे प्रभावित थे। अब यह संख्या घटकर 141 रह गई है।
बकौल राजनाथ, केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद देश की आंतरिक सुरक्षा को काफी मजबूत बनाया गया है। सीमा पर आंतकी घटनाएं पहले के मुकाबले बहुत कम हो रही हैँ। सीमा पर जवानों को आतंकवादियों को खत्म करने की खुली छूट दी गई है जिसकी वजह से आतंकवादियों के हौसले पस्त हैं।
इससे पूर्व गृहमंत्री ने प्रदेश के शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर सांसद भगत सिंह कोशियारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रभारी श्याम जाजू, विधायक अरविंद पांडे, राजेश शुक्ला, हरभजन सिंह चीमा भी मौजूद थे। कार्यक्रम का संयोजन विधायक पुष्कर सिंह धामी ने किया।