
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। आज मेट्रो सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि बड़ा कमर्शियल हब बन गई है। दिल्ली मेट्रो हो या अब शुरू हुई भोपाल मेट्रो, हर दिन लाखों यात्रियों की आवाजाही के कारण फूड स्टॉल, रिटेल शॉप, कोचिंग सेंटर या कियोस्क खोलना फायदे का सौदा बन रहा है।
मेट्रो कॉर्पोरेशन अपने स्टेशनों पर खाली कमर्शियल स्पेस के लिए पारदर्शी व्यवस्था अपनाते हैं।
दिल्ली मेट्रो DMRC में - ऑफिशियल वेबसाइट पर Property Business और Tenders सेक्शन में टेंडर जारी होते हैं। ऑनलाइन बोली लगाकर दुकान हासिल की जाती है। बिना बिके स्पेस को कई बार पहले आओ पहले पाओ आधार पर भी दिया जाता है।
MP मेट्रो भोपाल-इंदौर में - MPMRCL ने अभी फ्रेश बिड निकाली है। भोपाल में बोर्ड ऑफिस स्क्वायर पर 710 sqm और सुभाष नगर पर 2520 sqm, कुल 3230 sqm स्पेस उपलब्ध है। इंदौर में ISBT, हीरानगर और बापट स्टेशन पर 1400 sqm स्पेस है।
1. संबंधित मेट्रो की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं
2. Property Business या Tenders सेक्शन में लोकेशन, साइज और EMD देखें। भोपाल में EMD 1.20 लाख से 4.20 लाख तक है
3. ऑनलाइन टेंडर फॉर्म भरें, टेंडर फीस लगभग 1770 रुपये और सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा करें
4. डॉक्यूमेंट्स लगाएं - पैन, आधार, कंपनी होने पर रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और GST
5. बोली जीतने के बाद लाइसेंस एग्रीमेंट साइन होता है। DMRC में 3 से 9 साल, MP मेट्रो में 10 साल का लाइसेंस है जिसमें 2 साल का लॉक-इन जरूरी है
6. कब्जा मिलने के बाद नगर निगम से ट्रेड लाइसेंस और फूड बिजनेस के लिए FSSAI लाइसेंस लें
किराया फुटफॉल और लोकेशन पर निर्भर है। छोटे कियोस्क का किराया 10,000 रुपये महीना से शुरू होता है, व्यस्त इंटरचेंज पर 1 लाख रुपये महीना तक जाता है। MP मेट्रो में हर साल 5% की बढ़ोतरी होगी और GST, बिजली-पानी अलग लगेगा।
सेटअप के लिए 180 दिन का समय मिलता है और इंटीरियर में बदलाव से पहले प्रॉपर्टी बिजनेस विभाग से लिखित अनुमति जरूरी है। नियम तोड़ने पर लाइसेंस रद्द हो सकता है।