कुर्क होगी आईएएस अधिकारी संजीव कुमार की संपत्ति
हरियाणा के निलंबित आईएएस अधिकारी संजीव कुमार की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी चल रही है।
By
Edited By:
Publish Date: Wed, 03 Jun 2015 11:54:27 PM (IST)
Updated Date: Wed, 03 Jun 2015 11:56:12 PM (IST)

चंडीगढ़। हरियाणा के निलंबित आईएएस अधिकारी संजीव कुमार की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी चल रही है। प्रवर्तन निदेशालय ने इसके लिए राज्य सरकार से संपर्क साधा है। राज्य सरकार को भी संजीव कुमार को भेजे गए नोटिस का अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है, जिस कारण उसे किसी भी समय बर्खास्त किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री कार्यालय से संजीव कुमार के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी, जिसे भेजा जा चुका है। राज्य सरकार संजीव कुमार को अंतिम कारण बताओ नोटिस भी जारी कर चुकी है। संजीव कुमार के साथ-साथ दागी आईएएस विद्याधर को भी सेवानिवृत्ति के बाद लिए लाभ लौटाने पड़ सकते हैं।
संजीव कुमार तथा विद्याधर जेबीटी भर्ती मामले में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के साथ आरोपी हैं। तिहाड़ जेल में कांट्रेक्ट कीलिंग में संजीव कुमार का नाम सामने आने के बाद हरियाणा सरकार उसे बर्खास्त करने की प्रक्रिया अपना रही है, जो अंतिम चरण में है।
1985 बैच के आइएएस संजीव कुमार चौटाला सरकार में व्हीसल ब्लोअर बनकर सामने आया था। संजीव कुमार पर चौटाला सरकार के कार्यकाल में पाठ्य पुस्तक प्रकाशन घोटाले के भी आरोप लगे थे। इसके बाद उनका नाम जेबीटी अध्यापक भर्ती घोटाले में भी आया। 3206 जेबीटी अध्यापकों की भर्ती घोटाले में वर्ष 2000 के दौरान अदालत ने संजीव कुमार को दस वर्ष की सजा सुनाई थी। 4 दिसंबर 2001 को उसे निलंबित कर दिया गया था।