
अलीगढ़। डेंगू से पीड़ित अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के छात्र की रविवार मौत हो गई। 14 और छात्र डेंगू की चपेट में हैं। सभी का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। छात्र की मौत के पीछे डॉक्टरों की लापरवाही भी सामने आई।
इसे लेकर छात्रों ने विरोध जताया और डॉक्टर, नर्स आदि के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। गाजीपुर जिले के गांव टहल निवासी अकबर हुसैन का बेटा साबिर हुसैन (20) एएमयू में बीटेक (मैकेनिकल) तृतीय वर्ष का छात्र था। वर्तमान में उसका परिवार वाराणसी के महमूरगंज में रहता है।
एएमयू में वह सर जियाउद्दीन आवासीय हॉल में रहता था। कुछ दिन पहले उसे बुखार आया। शनिवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो साथी छात्रों ने रात साढ़े आठ बजे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। खून की जांच में उसका एनएस 1 पॉजिटिव था। रविवार सुबह हालत और बिगड़ गई।
डॉक्टरों को बुलाया, लेकिन समय पर कोई नहीं पहुंचा और उसकी मौत हो गई। इस पर तमाम छात्र मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। शाम को पहुंचे साबिर के पिता ने भी मेडिकल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। वे कुलपति जमीर उद्दीन शाह से भी मिले। कुलपति ने कहा कि जांच कमेटी बना दी है।