
डिजिटल डेस्क, नईदिल्ली। त्योहारी सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे (Indian Railways) ने बड़ा एलान किया है। लखनऊ, गोमतीनगर, सुल्तानपुर और वाराणसी से मुंबई तथा वलसाड के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें (Special Trains) चलाई जाएंगी। रेलवे के इस फैसले से यूपी, एमपी, गुजरात और महाराष्ट्र के उन यात्रियों को फायदा होगा जो त्योहार पर घर जाना चाहते हैं। जिनके पास अभी तक कंफर्म टिकट नहीं है, वे इन स्पेशल ट्रेनों में तुरंत बुकिंग करा सकते हैं।
ट्रेन नंबर 05033/05034 गोमतीनगर-वलसाड एक्सप्रेस को साप्ताहिक तौर पर 24 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा। ट्रेन नंबर 05033 प्रत्येक सोमवार को 23 नवंबर तक गोमतीनगर से दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 5 बजे वलसाड पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 05034 प्रत्येक मंगलवार को वलसाड से रात 10:15 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 2 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, इटावा और टूंडला जैसे स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें 4 जनरल, 6 स्लीपर, 2AC के 2 और 3AC के 8 कोच होंगे।
ट्रेन नंबर 04212 सुल्तानपुर-LTT स्पेशल 21 अक्टूबर से 11 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को सुल्तानपुर से सुबह 4 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे LTT पहुंचेगी। रास्ते में यह लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, झांसी, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे रुकेगी। वापसी में 04211 LTT-सुल्तानपुर 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को LTT से दोपहर 3 बजे चलेगी।
वहीं ट्रेन नंबर 04226 वाराणसी-LTT स्पेशल 22 अक्टूबर से 12 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को वाराणसी से दोपहर 1:35 बजे चलकर जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी, भोपाल, इटारसी होते हुए अगले दिन दोपहर 2 बजे LTT पहुंचेगी। वापसी में 04225 LTT-वाराणसी 23 अक्टूबर से 13 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को LTT से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। इन दोनों ट्रेनों में 20 LHB कोच होंगे, जिनमें एसी थर्ड इकोनॉमी और जनरल क्लास शामिल है।