
नई दिल्ली। सिंगापुर में जीका वायरस तेजी से पांव पसार रहा है। इससे संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या महज पांच दिन में बढ़कर 115 हो गई है। इसमें 13 भारतीय भी शामिल हैं। पहली गर्भवती महिला के भी संक्रमित होने की पुष्टि की गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा, "सिंगापुर में हमारे मिशन के अनुसार, 13 भारतीय जीका की जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।"
सिंगापुर में जीका संक्रमण का पहला मामला शनिवार को सामने आया था। बुधवार तक इससे संक्रमित होने वाले पीड़ितों की संख्या बढ़कर 115 हो गई। इनमें 13 भारतीय, 21 चीनी, छह बांग्लादेशी, पांच मलेशियाई और इंडोनेशिया का एक नागरिक भी है। इनमें से ज्यादातर निर्माण स्थलों पर काम करने वाले श्रमिक हैं।
गर्भवती महिला में जीका के लक्षण मिलने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मलेशिया में भी जीका का पहला मामले सामने आया है। सिंगापुर से लौटी 58 वर्षीय महिला में इसकी पुष्टि की गई है।
इसे देखते हुए अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ताइवान, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया ने गर्भवती महिलाओं को सिंगापुर की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।