
सर्जिकल स्ट्राइक कब कैसे
आगे क्या हैं संभावनाएं...
नई दिल्ली/इस्लामाबाद। कायराना आतंकी हमलों से बाज नहीं आ रहे पाकिस्तान को भारतीय सेना ने सबक सिखा दिया। बुधवार रात सेना के पैरा कमांडो ने पहली बार सीमा पार करते हुए पीओके में 3 किलोमीटर अंदर घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक (लक्षित हमला) की और आतंकियों के सात कैंप तबाह कर दिए।
इस कार्रवाई में 38 आतंकी और उनकी सुरक्षा में तैनात पाक सेना के दो जवान ढेर हो गए। उरी हमले के 10 दिन बाद सरकार और सेना द्वारा दिए गए इस मुंहतोड़ जवाब का पूरे देश और सभी राजनीतिक दलों ने समर्थन करते हुए सेना को बधाई दी है।
पाकिस्तान द्वारा किसी दुस्साहस की आशंका को देखते हुए एहतियातन उत्तर-पश्चिमी सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर तीनों सेनाओं को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। एलओसी के आसपास के 200 गांव खाली कराए गए हैं। पंजाब, राजस्थान व गुजरात में सेना, वायुसेना व बीएसएफ को हाई अलर्ट कर दिया गया है। कश्मीर से गुजरात तक जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
पाक डीजीएमओ को दी सूचना
डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने गुरुवार सुबह विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑपरेशन के कामयाब होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि कार्रवाई पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर की गई। ऑपरेशन के बाद पाक डीजीएमओ को सूचना दे दी गई।
उन्हें बताया गया था कि आतंकी भारत के नागरिकों व बड़े शहरों को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे हैं और वे घुसपैठ के लिए तैयार बैठे हैं। उनके सफाए के लिए सर्जिकल ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है। कार्रवाई में सेना के ही एमआई-17 हेलिकॉप्टरों का ही उपयोग हुआ, वायुसेना का इस्तेमाल नहीं हुआ।
कार्रवाई को अंजाम देकर कमांडो सकुशल लौट आए। ले.जन. सिंह ने कहा है कि भारतीय सेना का आगे कार्रवाई का इरादा नहीं है, लेकिन सेना किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जनवरी 2004 में वादा किया था कि वह अपने देश या कब्जे वाली जमीन पर आतंकी गतिविधियां नहीं होने देगा। हम उम्मीद करते हैं कि पाक सेना हमारे क्षेत्र से इस बुराई के खात्मे में सहयोग करेगी।
कुपवाड़ा, पुंछ से सटी सीमा पार कार्रवाई
केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने बताया कि कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा और पुंछ से सटी एलओसी के पार 5-6 स्थानों पर कार्रवाई की गई। इसमें सेना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
आधी रात बोला हमला
भारत ने बुधवार आधी रात सर्जिकल ऑपरेशन शुरू किया जो गुरुवार सुबह 4.30 बजे तक चला। हेलिकॉप्टरों में सवार होकर पहुंचे 25 पैरा कमांडो ने आतंकियों के 7 लॉन्च पैड को नष्ट कर दिए। करीब 4 घंटे चली इस कार्रवाई में आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। भारत की कार्रवाई की भनक लगते ही दो पाकिस्तानी सैनिक आतंकियों की हिफाजत में जुट गए थे, उन्हें भी भारतीय कमांडो ने मार गिराया।
बहुपयोगी है एमआई-17 हेलिकॉप्टर

मोदी ने दिया हुक्म, जागते रहे पर्रिकर, जनरल सुहाग, डोभाल
कमांडो कार्रवाई की मंजूरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उरी हमले के बाद ही सेना के सर्वोच्च कमांडर व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से ले ली थी। बुधवार रात उन्होंने कार्रवाई का हुक्म दिया। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, एनएसए अजित डोभाल, सेना प्रमुख और डीजीएमओ ने पूरी रात सर्जिकल ऑपरेशन पर नजर रखी। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई है।
वाघा में बीटिंग रिट्रीट रद्दपंजाब में वाघा अटारी बॉर्डर पर गुरुवार को बीटिंग रिट्रीट को रद्द कर दिया गया। यहां रोज शाम 30 मिनट तक दोनों देशों के सीमा प्रहरी परेड करते हैं। यह दोबारा कब शुरू होगी, फिलहाल नहीं बताया गया है।
राष्ट्रपति, विपक्ष को दी जानकारी
कार्रवाई की जानकारी भारतीय सेना ने राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री मेहबूबा मुफ्ती को भी दी गई।
सभी दल सरकार व सेना के साथ
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने अभियान के बाद सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों व प्रमुख दलों के नेताओं को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। इसमें सभी दलों ने कार्रवाई पर संतोष जताते हुए सरकार व सेना के प्रति समर्थन जताया।
पाक सेना करती रही इनकार
भारत की कार्रवाई का पाक सेना पहले तो इनकार करती रही, लेकिन कुछ घंटों बाद पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भारत ने अकारण गोलीबारी की, जिसमें दो जवान मारे गए हैं। पाक सेना ने उसका मुंह तोड़ जवाब दिया। कुछ देर बाद पाकिस्तान की इंटर सर्विसेस पब्लिक रिलेशंस एजेंसी ने भी कहा कि सीमा पर रात 2.30 बजे से सुबह 8 बजे तक फायरिंग हुई।
नवाज की गीदड़ भभकी
पाक पीएम नवाज शरीफ ने भारत को गीदड़ भभकी देते हुए कहा- "हम इस हमले की निंदा करते हैं, शांति के लिए हम जो प्रयास कर रहे हैं, उसे हमारी कमजोरी न समझा जाए।" शरीफ ने आसिफ के साथ आपात बैठक कर हालात की समीक्षा की। उन्होंने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है।
45 साल में सेना के पांच बड़े ऑपरेशन