
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व व स्वभाव से जुड़े कई अनसुने किस्सों को उजागर किया है। मंगलवार को रिलीज हुई इस बहुचर्चित पुस्तक में उन्होंने इंदिरा गांधी के तीखे तेवरों और उनके अनूठे अनुशासन के तरीकों का विस्तार से उल्लेख किया है।
हार्परकॉलिंस इंडिया से प्रकाशित 544 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने इटली में बीते अपने शुरुआती जीवन, गांधी परिवार की बहू बनने के सफर, राजीव गांधी की शहादत और भारतीय सियासत में अपने प्रवेश तक की पूरी जीवन यात्रा को बताया है।
सोनिया गांधी लिखती हैं कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर इंदिरा गांधी के अचानक भड़कने वाले गुस्से ने उन्हें सबसे ज्यादा हैरत में डाला था। उनके गुस्से से घरेलू स्टाफ तक थर-थर कांपता था। यदि कोई इंदिरा जी की नाराजगी मोल ले लेता, तो उन्हें अजीबोगरीब सजा भुगतनी पड़ती थी- जैसे घंटों तक कमरे के कोने में खड़े रहना, दीवार की तरफ मुंह करके खड़े रहने का फरमान या फिर कई दिनों तक पूरी तरह बातचीत बंद हो जाना।
किताब में एक घटना साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि जब एक कर्मचारी अहम बैठक की याद दिलाना भूल गया, तो इंदिरा जी ने उसे सबक सिखाने के लिए कमरे के एक कोने में खड़ा रहने की सजा दी, जबकि बाकी लोग संकोच में सिर झुकाए वहां से गुजरते रहे।
एक अन्य प्रसंग में सोनिया गांधी बताती हैं कि उन्होंने अपने आवास पर धोती-कुर्ता पहने एक व्यक्ति को काफी देर तक दीवार की तरफ मुंह किए चुपचाप खड़े देखा। सोनिया के मुताबिक, उस वक्त वह राजनीतिक चेहरों से पूरी तरह वाकिफ नहीं थीं, लेकिन घर के भीतर तक पहुंच से साफ था कि वे कोई बड़े कांग्रेसी नेता थे। आधे घंटे बाद भी जब वह नेताजी उसी मुद्रा में खड़े मिले, तब उन्हें पता चला कि यह अनुशासन का चाबुक उनकी सास के निर्देश पर ही चला था।
यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी के ऑटोबायोग्राफी पर घमासान, पेंग्विन इंडिया ने भारत में प्रकाशन से किया इनकार, सामने आई ये वजह
आत्मकथा के अनुसार, जब संसद में विपक्ष से तीखा टकराव होता था, तो उस तनातनी की छाया अक्सर डाइनिंग टेबल तक पहुंच जाती थी। ऐसे ही एक वाकये में इंदिरा जी ने झुंझलाहट में अपनी खाने की थाली को जोर से आगे की ओर धकेल दिया था। सोनिया गांधी स्वीकार करती हैं कि ऐसे लम्हे उन्हें भीतर तक सहमा देते थे और उन्हें अपने पिता के सख्त मिजाज की याद आ जाती थी।
हालांकि, ऐसे तनावपूर्ण पलों में राजीव गांधी और संजय गांधी बेहद शांत रहते थे। तब राजीव उन्हें तसल्ली देते हुए समझाते थे कि घबराने की जरूरत नहीं है, मां का गुस्सा थोड़ी ही देर में शांत हो जाएगा।