
झांसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पानी, बिजली और गरीबी का मुद्दा उठाकर बुंदेलियों की भावनाओं को छू लिया। उन्होंने बुंदेलखंड को दिल्ली से जोड़ने के लिए सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे की सौगात दी तो सरकारी खाद्यान्न बाजार में बेचने वाले अफसरों को बर्खास्तगी की चेतावनी भी दी।
कहा कि बुंदेलखंड के किसान एक ही फसल ले पाते हैं। इसके लिए योजना बनाई जा रही है, ताकि वे तीन फसल ले सकें। दो साल बाद बुंदेलखंड में न पीने के पानी की समस्या होगी न सिंचाई की।
सत्ता संभालने के बाद पहली बार झांसी आए मुख्यमंत्री एक्शन में दिखे। निरीक्षण से लेकर अधिकारियों के साथ चली चार घंटे की मैराथन बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने की नसीहत देते हुए स्पष्ट किया कि पहली बार है, इसलिए सिर्फ चेतावनी दी जा रही है।
अगले चरण में कार्रवाई होगी। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में योगी ने कहा कि प्रदेश में गरीबी के कारण कोई भूखा नहीं रहेगा, किसी कन्या का विवाह नहीं रुकेगा और न कोई बच्चा स्कूल जाने से वंचित रहेगा। विकास बिना भेदभाव के होगा लेकिन, अराजकता और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की छूट नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को दिल्ली से जोड़ने के लिए एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा, जिसके बाद यहां उद्योग आएंगे और युवाओं को रोजगार मिलेगा। पलायन रुकेगा और विकास के रास्ते भी यह एक्सप्रेस-वे ही खोलेगा।
पिछली सरकारों पर प्रहार करते हुए योगी ने कहा कि केंद्र में जब मोदी की सरकार बनी थी तब 30 करोड़ लोगों के खाते नहीं थे। जनधन योजना से 28 करोड़ लोगों के खाते खोले गए, जबकि उज्ज्वला योजना के माध्यम से पांच करोड़ गरीबों को रसोई गैस उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने सवाल किया कि गरीबी हटाओ का नारा देने वाले बताएंगे कि गरीबों को क्यों इससे वंचित रखा गया था। उन्होंने गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वालों को निश्शुल्क बिजली कनेक्शन देने की बात भी कही।
सीएम ने कहा कि अगर सरकारी खाद्यान्न बाजार में बिका तो दोषी अधिकारी निलंबित नहीं, बर्खास्त होंगे। भ्रष्टाचार, अराजकता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इससे पहले योगी ने जिला अस्पताल, गेहूं क्रय केंद्र, टांकोरी तालाब व प्राथमिक पाठशाला का निरीक्षण किया।