International Women's Day 2019: बरेली जंक्शन की कमान आज महिला कर्मचारियों के हाथ
International Women's Day 2019: डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से लेकर, स्टेशन पर टीटीई, पूछताछ केंद्र का स्टाफ और टिकट घर पर भी महिला रेलकर्मी ही दिखेंगी। ...और पढ़ें
By Edited By:
Publish Date: Thu, 07 Mar 2019 11:45:36 PM (IST)Updated Date: Fri, 08 Mar 2019 07:33:37 AM (IST)

बरेली। महिला दिवस पर शुक्रवार को उप्र के बरेली जंक्शन का अलग ही नजारा होगा। स्टेशन पर हर बड़ी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ होगी। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से लेकर, स्टेशन पर टीटीई, पूछताछ केंद्र का स्टाफ और टिकट घर पर महिला रेलकर्मी ही दिखेंगी। इतना ही नहीं, बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस पर भी लोको पायलट समेत बाकी स्टाफ महिलाओं की तैनाती हुई। हालांकि मेगा ब्लॉक के चलते देर शाम ट्रेन रद्द गई।
उधर, इज्जतनगर मंडल में भी टनकपुर स्टेशन से बरेली जंक्शन तक महिला स्टाफ को त्रिवेणी एक्सप्रेस से भेजने की तैयारी शाम तक चली। ट्रेनों के संचालन के लिए डिप्टी एसएस शिल्पी सिंह की ड्यूटी लगाई गई है। टिकट चेकिंग स्टाफ में गायत्री देवी, संध्या तिवारी, सुनीता डे और रजनीबाला होंगी। दिल्ली-बरेली एक्सप्रेस पर इन्हीं को टिकट चेकिंग के लिए ड्यूटी पर लगाया गया था। वहीं स्टेशन पर सीआइटी ऑफिस की जिम्मेदारी अमृता सिंह और रति बंसल संभालेंगी।
जंक्शन के टिकट घर पर भी महिला रेलकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आरक्षण और साधारण टिकट खिड़की पर सभी महिला रेलकर्मी ही टिकट बिक्री के लिए मौजूद रहेंगी। पूछताछ केंद्र पर सीआरएस निशा गुप्ता, सारिका श्रीवास्तव, किरन सिन्हा, नीतू भसीन यात्रियों की समस्याओं का निदान करेंगी। शहर के मारुति विहार निवासी नीता मुन्नालाल स्टेशन ही नहीं मुरादाबाद मंडल की भी पहली महिला लोको पायलट हैं। फिलहाल जंक्शन पर साधना शर्मा, रिकू वर्मा, प्रीती रावत भी बतौर असिस्टेंट लोको पायलट तैनात हैं।