
न्यूयॉर्क/नई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंटरनेट पर सबसे ज्यादा प्रभावी लोगों में शामिल हैं। यह कहा है टाइम मैगतीन ने। मैगजीन ने पीएम मोदी को 'इंटरनेट स्टार' बताते हुए ऐसा कहा है। पीएम मोदी को एक ऐसा भारतीय नेता करार दिया है जो सोशल मीडिया का प्रयोग 'डिप्लोमेसी' के लिए करते हैं। बीते साल अपनी पाकिस्तान यात्रा की घोषणा को ट्विटर के जरिये करने का जिक्र भी मैगजीन ने किया है।
टाइम द्वारा इंटरनेट पर 30 सबसे प्रभावशाली लोगों की घोषणा की गई है। इस सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ में उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप, रियलिटी टीवी स्टार किम करदाशियां व उसके पति कान्य वेस्ट, हैरी पॉटर की लेखिका जेके राउलिंग, पूर्व ओलिंपिक एथलीट कैटलीन जैनर और फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी शामिल है।
इंटरनेट पर 30 प्रभावशाली लोगों का चयन करने से पहले टाइम द्वारा दावेदारों के सोशल मीडिया पर उनके प्रभाव और उनसे संबंधित खबरों की जांच की।
मोदी को लेकर टाइम ने कहा कि, विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेता एक 'इंटरनेट स्टार' भी है जिसके ट्विटर पर 18 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स और फेसबुक पर 32 मिलियन से ज्यादा लाइक हैं। मैगजीन ने इस बात का भी जिक्र किया है कि मोदी किस तरह सोशल मीडिया का प्रयोग खबरें ब्रेक करने और कूटनीति का संचालन के लिए करते हैं।
क्रिसमस का उदाहरण देते हुए टाइम ने बताया है कि मोदी ने यह ट्वीट किया कि वो अपने पाकिस्तानी समकक्ष को 66वें जन्मदिन की बधाई देने के लिए पाकिस्तान जाएंगे। हालांकि टाइम ने इस बात का भी उल्लेख किया है कि पिछले माह मोदी ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी को ट्वटिर के जरिये जन्मदिन की मुबारकबाद दी थी और जिसके जवाब में गनी ने बड़े आदरपूर्वक उनको जवाब देते हुए कहा था कि उनका जन्मदिन मई माह में आता है और यह खबर काफी दिनों तक हेडलाईन बनी हुई थी।
डोनाल्ड ट्रंप के बारे में मैगजीन ने कहा कि 'राजनीतिक उम्मीदवार बेहतर और बदतर के लिए कैसे सोशल मीडिया का प्रयोग करते हैं।' ट्रंप के ट्विटर पर लगभग 7 मिलियन फॉलोअर्स हैं जो हिलेरी क्लिंटन सहित राष्ट्रपति पद के लिए दावेदारी कर रहे अन्य उम्मीदवारों से कहीं ज्यादा हैं।