डिजिटल डेस्क, इंदौर। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे से राजनीतिक हलकों में सनसनी फैल गई है। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया, लेकिन विपक्ष ने इस फैसले को संदेह की नजरों से देखना शुरू कर दिया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कौन होगा देश का अगला उपराष्ट्रपति? कई नामों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उन्हीं नामों को हम इस लेख के जरिए आपके सामने लेकर आए हैं।
धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब सवाल उठ रहा है कि अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा? सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में कई नामों की चर्चा जोरों पर है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम सबसे अधिक चर्चाओं में है। खबरों के मुताबिक बीजेपी बिहार में अपना मुख्यमंत्री लाकर चुनावी मैदान में जाना चाहती है। वह नीतीश कुमार के बेटे निशांत को डिप्टी सीएम बना सकती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी एक संभावित उम्मीदवार के रूप में सामने आ रहा है। 2022 में भी यह चर्चा काफी चली थी कि वह उपराष्ट्रपति बन सकते हैं, लेकिन तब जगदीप धनखड़ को यह जिम्मेदारी दी गई थी। इस बार फिर वे दौड़ में हो सकते हैं।
राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन हरिवंश नारायण सिंह को लेकर भी अटकलें तेज हो रही हैं। वे जेडीयू सांसद हैं। फिलहाल संविधान के तहत अंतरिम रूप से राज्यसभा अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। हरिवंश नारायण सिंह के नीतीश कुमार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मधुर संबंध हैं। ऐसे में वह भी इस पद के प्रमुख दावेदारों में से एक हैं।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नाम की भी चर्चाएं जोरो पर हैं। उनके कांग्रेस पार्टी से संबंध खराब हो चुके हैं। वह केंद्र की मोदी सरकार के ज्यादा करीब दिखते हैं। उन्होंने केंद्र के ऑपरेशन सिंदूर की जमकर तारीफ की थी। वे भी एनडीए की तरफ से नामित हो सकते हैं।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नाम को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हैं। नड्डा पार्टी के पुराने नेता हैं। उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह का करीबी माना जाता है। उनका भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का कार्यकाल खत्म हो चुका है। नेतृत्व उनका रिप्लेसमेंट तलाश रहा है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें उपराष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है।