
Jagran Forum 2021: दैनिक जागरम फोरम 2021 का आयोजन उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने जा रहा है। विकास पथ पर "आगे बढ़ता उत्तर प्रदेश" की इंद्रधनुषी तस्वीर "दैनिक जागरण" की ओर से 15 मार्च को आयोजित इस फोरम में नजर आएगी। होटल ताज के दरबार हाल में राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द सोमवार सुबह 11ः30 बजे Jagran Forum 2021 का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रपति "गंगा, पर्यावरण और भारतीय संस्कृति" विषय पर संबोधन देंगे। वहीं कार्यक्रम का समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन से होगा। फोरम के 5 सत्रों में पूरे पूर्वांचल के साथ ही प्रयागराज भी नजर आएगा। इसमें "उत्तर प्रदेश के विकास में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) की भूमिका" पर जानकारों और अफसरों के बीच मंथन होगा। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल के साथ ही इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी और जीआई विशेषज्ञ पद्मश्री डॉ. रजनीकांत भी उपस्थित रहेंगे तथा मार्गदर्शन देंगे।
वहीं दूसरे सत्र में "खेतों में उतरता विज्ञान" विषय पर चर्चा होगी। इस सत्र में राष्ट्रीय सब्जी अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जगदीश सिंह व राष्ट्रीय कृषि उपयोगी सूक्ष्म जीव ब्यूरो के निदेशक डॉ. एके सक्सेना उपस्थित रहेंगे। विकास को रफ्तार देने के लिहाज से तेजी से उभरता "कनेक्टिविटी का नया मैप" सुदृढ़ आवागमन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से रूबरू कराएगा। इसमें आजमगढ़ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथारिटी के चीफ इंजीनियर मनोज गुप्ता व डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन के महाप्रबंधक (पूर्वी प्रभाग) अजीत मिश्रा मंच पर नजर आएंगे। इस दौरान फ्रेट कॉरिडोर, जल परिवहन और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भी बात होगी।
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष पद्मश्री राजेश्वर आचार्य, बीएचयू की इतिहासविद् प्रो. अरुणा सिन्हा तथा बनारसविद् अमिताभ भट्टाचार्य अपने अंदाज में शब्द चित्रों से इसे महसूस कराएंगे। "श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर की संकल्पना, निर्माण और परिणाम" का भी दर्शन हो जाएगा। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर कार्यपालक समिति के अध्यक्ष मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल इसका पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन देंगे। इस दौरान गांव-गलियों में हस्तशिल्प को सहेजने वाले हस्तशिल्पियों व विकासशील किसानों को भी सम्मानित किया जाएगा।

