
जम्मू। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने करतारपुर गलियारा खोलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए गुलाम कश्मीर स्थित हिदू धर्मस्थल शारदा पीठ के लिए सड़क संपर्क खोलने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बेशक शारदा पीठ कश्मीरी पंडित समुदाय के लिए होगा, लेकिन जम्मू कश्मीर का हरेक नागरिक इसका स्वागत करेगा।
उन्होंने इस विषय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भी लिखा है। प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में महबूबा ने लिखा, सिख श्रद्धालुओं को पाकिस्तान में स्थित उनके धर्मस्थलों की यात्रा में सहायता के लिए पाकिस्तान के साथ करतारपुर गलियारे को खोलने के लिए मैं आपको बधाई देती हूं। उम्मीद करती हूं कि भारत-पाकिस्तान के पीड़ादायक संबंधों के इतिहास को पीछे छोड़, दोनों मुल्कों के बीच शांति, सौहार्द और समृद्धि के एक नए दौर की ओर ले जाने वाला कदम साबित होगा।
उन्होंने लिखा कि पीडीपी ने हमेशा ही भारत-पाकिस्तान की जनता के बीच जन संवाद को सबसे बड़ा विश्वास बहाली का कदम माना है। इसी के चलते बार-बार जम्मू कश्मीर के रास्ते भारत को दुनिया के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाले एतिहासिक मार्गों को खोलने की वकालत की है।
महबूबा ने पत्र में लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली तत्कालीन भारत सरकार ने जो प्रयास किए, उनके कारण ही मुजफ्फराबाद और रावलकोट मार्ग खुले हैं। इस दिशा में और भी कई संभावनाएं हैं। पीडीपी अध्यक्ष ने लिखा कि करतारपुर गलियारे के खुलने से हमें उम्मीद की एक और खिड़की नजर आई है।
गुलाम कश्मीर स्थित शारदा पीठ कश्मीर के समृद्ध और गौरवशाली इतिहास का एक बहुत ही महत्वपूर्ण और उत्कृष्ट चिह्न है। बेशक यह यहां के लोगों को उनकी सांस्कृति और ज्ञान की जड़ों से जोड़ता है, लेकिन यह कश्मीरी पंडितों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है और आजादी तक वह यहां अक्सर आते जाते थे।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर-मुजफ्फराबाद सड़क मार्ग के बहाल होने के दिन से ही कश्मीरी पंडितों की शारदा पीठ निर्विघ्न रूप से आने जाने की इच्छा और बलवती हुई है। कश्मीरी पंडितों में शारदा पीठ की यात्रा को करतारपुर गलियारे की भांति ही शुरू करने की संभावना जगी है।