
एजेंसी, नई दिल्ली। सरकार ने किसान के सामने पांचवें दौर की वार्ता का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद संगठनों ने दो दिन के लिए दिल्ली चलो मार्च टाल दिया है। हालांकि पंजाब-हरियाणा की शंभू बॉर्डर पर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे हैं। हालांकि गुरुवार को हरियाणा में हंगामा हो सकता है, क्योंकि बुधवार के प्रदर्शन के दौरान एक शख्स की मौत से नाराज़गी है। आज हरियाणा में चक्का जाम किया जाएगा। वहीं किसान नेताओं ने रेवाड़ी टोल बंद करने का ऐलान भी किया है।
इससे पहले बुधवार को सिंधु बॉर्डर पर भी बवाल हुआ। चौथे दौर की वार्ता नाकाम रहने के बाद किसानों ने दिल्ली कूच की कोशिश की। रोकने पर बवाल शुरू हो गया। आंसू गैस के गोले छोड़े गए। बवाल के बीच ही सरकार की ओर से पांचवें दौर की वार्ता का प्रस्ताव रखा गया। किसानों ने इस पर पहले बैठक की और देर रात खबर आई कि वार्ता तक दिल्ली कूच नहीं होगा।