
ऋषिकेश। 90 साल तक करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा करने के बाद शुक्रवार को गंगा पर बने विश्व विख्यात लक्ष्मण झूला पुल को आवागमन के लिए बंद कर दिया गया। लक्ष्मण झूला उत्तराखंड के टिहरी और पौड़ी जिले के तपोवन और स्वर्गाश्रम-लक्ष्मण झूला क्षेत्र को ऋषिकेश से जोड़ता है। फिलहाल इस पुल का कोई विकल्प तैयार नहीं हो पाया है। पुल बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों और यात्रियों की मुश्किलें बढ़नी तय हैं।
1929 में बनकर तैयार हुए हुआ लक्ष्मण झूला पुल इंजीनियरिग का एक उम्दा नमूना है। गंगा पर बने इस सस्पेंशन पुल की खूबसूरती देखते ही बनती है। साथ ही यह दुनियाभर में ऋषिकेश की पहचान भी बन चुका है। लेकिन, अब यह पुल धरोहर बन चुका है। लोक निर्माण विभाग ने 11 जुलाई को शासन को भेजे पत्र में ट्रैक स्ट्रक्चरल डिजाइन कंसल्टेंसी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि लक्ष्मण झूला सेतु वर्तमान समय में बढ़ चुके अप्रत्याशित यातायात की दृष्टि से आवागमन के लिए सुरक्षित नहीं है। पुल के कई हिस्से और घटक बेकार हो चुके हैं और वह कभी भी ढह सकता है।
इस रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने लक्ष्मण झूला पुल पर आवागमन रोकने के आदेश जारी कर दिए। हालांकि, शुक्रवार को स्थानीय पुलिस और प्रशासन को आदेश नहीं मिल पाया था, जिससे पूरे दिन पुल पर आवाजाही जारी रही।
लक्ष्मण झूला पुल को बिना किसी विकल्प के एकाएक बंद किए जाने जाने के आदेश से स्थानीय लोगों को बड़ा झटका लगा है। स्थानीय लोग इस फैसले से हैरान और परेशान हैं। साथ ही यहां पहुंचे पर्यटक भी लक्ष्मण झूला पुल को बंद किए जाने से मायूस नजर आए। उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर (टिहरी) युक्ता मिश्रा ने बताया कि फिलहाल रोक संबंधी आदेश की प्रति नहीं मिली है।लेकिन शासन ने लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के आधार पर इसको बंद करने का निर्णय लिया है। लिहाजा मध्यरात्रि से लक्ष्मण झूला पुल पर आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी।
कांवड़ यात्रा के लिए बनेगी नई यात्रानीति
17 जुलाई से कांवड़यात्रा शुरू हो रही है इसलिए पुलिस-प्रशासन मौजूदा स्थिति के अनुसार रोडमैप भी तैयार कर चुका है। पुलिस ने पैदल भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस साल भी पूर्व की भांति लक्ष्मण झूला पुल से कांवड़ यात्रियों के जाने और राम झूला पुल से वापस लौटने का प्लान तैयार किया था, लेकिन अब इस प्लान को बदलना पड़ रहा है।
गौरतलब है नीलकंठ कांवड़ यात्रा में रोजाना लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और कांवड़ यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला और रामझूला पुलों पर भारी दबाव रहता है। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर प्रमोद शाह ने बताया कि लोनिवि ने इस पुल पर आवाजाही को असुरक्षित बताया है। जहां तक कांवड़ यात्रा का सवाल है तो लक्ष्मणझूला पुल बंद होने पर तपोवन के समीप वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। नीलकंठ यात्रियों को यहां से गरुड़चट्टी पुल होते हुए नीलकंठ भेजा जाएगा।