
पटना। राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के बयान से सहमति जताते हुए कहा है कि अब यह प्रमाणित हो गया है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा देश में अलोकतांत्रिक एवं अराजक गतिविधियां प्रायोजित व प्रोत्साहित की जा रही हैं।
लालू ने ट्वीट कर केंद्र की मोदी
सरकार को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार का रवैया देश में अघोषित आपातकाल की तरह है। कोई भी सरकार हिटलरशाही तरीके से नहीं चल सकती है।
भाजपा ने पिछले एक साल में देश में महाजंगलराज कायम किया है। भाजपा समाज को गुमराह करने वाली पार्टी है। इनके यहां प्रतिभाओं की घोर कमी है। इनके पास इतने दागी चेहरे हैं कि किसी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी नहीं बना सकते।
गीदड़भभकी से डरने वाला नहीं : सुशील मोदी
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि नीतीश-लालू की किसी गीदड़भभकी से वह डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री रामधनी सिंह की बेटी की अवैध बहाली का पर्दाफाश होने के बाद नीतीश सरकार की स्थिति "खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली" हो गई है।
अवैध नियुक्ति मामले में रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद मेरी पत्नी की शैक्षिक डिग्री को लेकर झूठा व बेबुनियाद आरोप लगा पटना व मुंबई जैसे विश्वविद्यालयों से प्राप्त डिग्री का उपहास उड़ाया जा रहा है।
मोदी ने कहा कि मेरी पत्नी की ओर से झूठा व बेबुनियाद आरोप लगाने वाले स्वास्थ्य मंत्री को सात दिनों के अंदर सार्वजनिक क्षमा मांगने के लिए कानूनी नोटिस दिया जाएगा।